भाजपा बंगाल की मतदाता सूची में बाहर के अवैध मतदाताओं को शामिल करने की कोशिश कर रही: ममता
कोलकाता, मंगलवार, 31 मार्च 2026। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बिहार, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के अवैध मतदाताओं के नाम राज्य की मतदाता सूची में शामिल करने की कोशिश कर रही है ताकि चुनाव परिणाम को उसके पक्ष में मोड़ा जा सके। बनर्जी ने पश्चिम मेदिनीपुर के चंद्रकोना में एक चुनावी रैली में यह बात कही। उन्होंने रैली में अपनी अपील दोहराई कि जनता इस पर ध्यान न दे कि विधानसभा क्षेत्रों में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार कौन हैं बल्कि उन्हें ही (ममता बनर्जी को) सभी 294 सीटों पर उम्मीदवार मानें। पार्टी प्रमुख ने कहा, ‘‘ कल अभिषेक (बनर्जी) ने मुझे बताया कि नए मतदाताओं को शामिल करने के लिए एक ही दिन में लगभग 30,000 फॉर्म जमा होने की सूचना मिलने पर उन्हें अपने चुनाव प्रचार कार्यक्रम के बीच में ही कोलकाता स्थित चुनाव आयोग कार्यालय जाना पड़ा।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ भाजपा बिहार, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के अवैध मतदाताओं को बंगाल की मतदाता सूची में शामिल करने की कोशिश कर रही है। वे बिहार की तरह ही रेल के माध्यम से बाहरी मतदाताओं को लाने की योजना बना रहे हैं।’’ मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा के मन में बंगाल और राज्य के लोगों के लिए ‘कोई सम्मान नहीं’ है। उन्होंने भाजपा पर चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत करने और एसआईआर प्रक्रिया की आड़ में राज्य की मतदाता सूची से महिलाओं और अल्पसंख्यकों के नाम हटाने का आरोप लगाया।
बनर्जी ने कहा, ‘‘ भाजपा और चुनाव आयोग लोगों के नागरिकता, संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकारों को छीन रहे हैं। हम हर कदम पर उनका मुकाबला करेंगे।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर भाजपा राज्य में सत्ता में आती है तो वह बंगालियों के ‘‘मांसाहारी भोजन पर प्रतिबंध लगा देगी’’। उन्होंने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस केंद्र द्वारा राज्य में एनआरसी को लागू करने के प्रयासों और लक्षित नागरिकों को निरुद्ध केंद्रों में भेजने की योजनाओं को विफल कर देगी।
Similar Post
-
गहलोत ने कोटा के अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं के इलाज का मुद्दा उठाया
जयपुर, मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री ...
-
एनएसयूआई ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बेंगलुरु में प्रदर्शन किया
बेंगलुरु, मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026। कांग्रेस से संबद्ध भारतीय र ...
-
ई-संजीवनी के जरिए ऑनलाइन चिकित्सा परामर्श लेने वालों में 57 प्रतिशत से अधिक महिलाएं
नई दिल्ली, मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026। ई-संजीवनी के जरिए चिकित्सा ...
