झारखंड में रामनवमी के अवसर पर मुख्यमंत्री सोरेन ने रांची मंदिर में पूजा-अर्चना की
रांची, शुक्रवार, 27 मार्च 2026। झारखंड में शुक्रवार को रामनवमी के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची के एक मंदिर में पूजा-अर्चना की, वहीं राज्य भर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मुख्यमंत्री अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ निवारणपुर स्थित श्री राम जानकी तपोवन मंदिर में आयोजित अनुष्ठान में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘रामनवमी का उत्सव सभी के लिए अपार खुशी का अवसर है। यह भव्य आयोजन जनता के सहयोग और समर्थन के बिना संभव नहीं हो पाता।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भगवान राम के प्रति आदर और श्रद्धा के साथ ही भगवान हनुमान के बलिदान एवं तपस्या की स्मृतियां युगों-युगों तक हमारे हृदय और वातावरण में अंकित रहेंगी।’’ सोरेन ने कहा कि ‘तपोवन भूमि’ के सौंदर्यीकरण का कार्य जारी है।
उन्होंने कहा, “मैं भगवान राम से प्रार्थना करता हूं कि यह सौंदर्यीकरण कार्य जल्द से जल्द पूरा हो जाए।” इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर पूरे राज्य में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे और त्वरित प्रतिक्रिया टीम की तैनाती कर निगरानी की जा रही है और संवेदनशील इलाकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, अधिकतर जिलों में शोभायात्राएं आज निकाली जाएंगी जबकि संवेदनशील क्षेत्र माने जाने वाले हजारीबाग और जमशेदपुर में ये शनिवार को आयोजित की जाएंगी।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रामनवमी पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। गंगवार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के आदर्श सत्य, धर्म, त्याग और मर्यादा सभी के जीवन को सदैव आलोकित करते रहें। मेरी कामना है कि यह शुभ पर्व सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।’’ सोरेन ने कहा कि भगवान राम का जीवन लोगों को सत्य, कर्तव्य, करुणा और न्याय के मार्ग पर चलने तथा सद्भाव, सेवा और नैतिकता पर आधारित समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करता है।
Similar Post
-
केजरीवाल ने झारखंड में जारी छात्रों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया
नई दिल्ली, मंगलवार, 11 अगस्त 2026। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय स ...
-
उर्दू शिक्षकों के तबादलों की निष्पक्ष समीक्षा की जाए : तेजस्वी यादव
पटना, मंगलवार, 11 अगस्त 2026। बिहार में सरकारी शिक्षकों के स्था ...
-
रचनात्मक कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में जन सरोकार के मुद्दों पर होगा खुला संवाद : संदीप दीक्षित
नई दिल्ली, मंगलवार, 11 अगस्त 2026। कांग्रेस के सहयोगी संगठन रचन ...
