आईआरसीटीसी पोर्टल से फर्जी तीन करोड़ खाते हटाए गए: वैष्णव
नई दिल्ली, बुधवार, 25 मार्च 2026। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि रेलवे टिकट बुक कराने में बिचौलियों और दलालों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए आईआरसीटीसी के पोर्टल से तीन करोड़ से अधिक फर्जी खातों को हटा दिया गया है। उन्होंने लोकसभा में प्रश्नकाल में यह भी कहा कि आज देश में संचालित रेलगाड़ियों में 70 प्रतिशत डिब्बे सामान्य और शयनयान श्रेणी के हैं तथा 78 प्रतिशत सीट गैर-वातानुकूलित डिब्बों में हैं। वैष्णव ने निर्दलीय सदस्य राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए ये बातें कहीं।
उन्होंने ट्रेनों में आम लोगों और गरीबों के लिए अपेक्षाकृत कम डिब्बे होने जैसी सदस्य की चिंताओं को खारिज करते हुए कहा, ‘‘यह भ्रांति फैलाने का प्रयास है। 70 प्रतिशत डिब्बे आज भी सामान्य और शयनयान श्रेणी के हैं। ट्रेनों में करीब 78 प्रतिशत सीट सामान्य और शयनयान यानी गैर-वातानुकूलित श्रेणी में हैं।’’ उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के समय बहुत कम विशेष रेलगाड़ियां चलाई जाती थीं, लेकिन राजग सरकार में 2023-24 में 40,500 विशेष ट्रेन चलाई गईं, पिछले वित्त वर्ष में 85,400 विशेष ट्रेनें चलाई गईं और चालू वित्त वर्ष में अब तक 75 हजार विशेष रेलगाड़ियां चलाई जा चुकी हैं।
वैष्णव ने कहा कि इसका परिणाम दिखाई दिया कि गत वर्ष दिवाली और छठ पर, नववर्ष के मौके पर और हाल में होली के मौसम में परिस्थितियां पहले से बेहतर थीं। उन्होंने कहा कि टिकट बुक कराने वाले बिचौलियों और दलालों पर कड़ी कार्रवाई हुई है तथा करीब तीन करोड़ फर्जी आईआरसीटीसी खाते हटा दिए गए हैं। रेल मंत्री ने कहा कि इसके परिणामस्वरूप वास्तविक यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने लगा है और अब सांसदों के पास भी टिकट कंफर्म कराने के लिए अनुरोध पहले से कम आते हैं। वैष्णव ने कहा कि आज रेलवे में सुरक्षा पर ध्यान देने के कारण दुर्घटनाएं 90 प्रतिशत कम हो चुकी हैं और सरकार इस स्तर से भी आगे बढ़ने के लिए प्रयासरत है।
Similar Post
-
केजरीवाल ने झारखंड में जारी छात्रों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया
नई दिल्ली, मंगलवार, 11 अगस्त 2026। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय स ...
-
उर्दू शिक्षकों के तबादलों की निष्पक्ष समीक्षा की जाए : तेजस्वी यादव
पटना, मंगलवार, 11 अगस्त 2026। बिहार में सरकारी शिक्षकों के स्था ...
-
रचनात्मक कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में जन सरोकार के मुद्दों पर होगा खुला संवाद : संदीप दीक्षित
नई दिल्ली, मंगलवार, 11 अगस्त 2026। कांग्रेस के सहयोगी संगठन रचन ...
