विधायकों का निलंबन रद्द न होने पर आम आदमी पार्टी बजट सत्र का बहिष्कार करेगी: आतिशी
नई दिल्ली, रविवार, 22 मार्च 2026। नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने रविवार को कहा कि अगर विधानसभा अध्यक्ष द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) के चार विधायकों का निलंबन रद्द नहीं किया गया तो उनकी पार्टी बजट सत्र का बहिष्कार करेगी। सोमवार से शुरू होने वाले सत्र से पहले आतिशी ने एक संवाददाता सम्मेलन में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर विशेषाधिकार उल्लंघन के नोटिस और निलंबन के माध्यम से पार्टी की आवाज दबाने का आरोप लगाया। आतिशी ने कहा कि पिछले सत्र में आप के चार विधायकों को निलंबित कर दिया गया था और उन्हें दिल्ली के 70 विधायकों के आधिकारिक व्हाट्सएप समूह से हटा दिया गया था। आतिशी ने कहा कि दिल्ली विधानसभा की लोक लेखा समिति के सदस्य और आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार को न तो बैठकों में बुलाया गया और न ही समिति की मसौदा रिपोर्ट भेजी गई।
आतिशी ने चेतावनी देते हुए कहा, ‘अगर संजीव झा, कुलदीप कुमार, सोमदत्त और जरनैल सिंह सहित चार विधायकों का असंवैधानिक निलंबन रद्द नहीं किया गया, तो आगामी बजट सत्र में आम आदमी पार्टी का कोई भी विधायक भाग नहीं लेगा।’ दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें अकेले ही विशेषाधिकार उल्लंघन के चार नोटिस भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष की आवाज दबाई गई तो पार्टी लाखों लोगों को लेकर उनके निर्वाचन क्षेत्रों में सड़कों पर उतरेगी। दिल्ली विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के 48 विधायक हैं, जबकि मुख्य विपक्षी दल आम आदमी पार्टी के 22 विधायक हैं। दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र सोमवार को आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश होने के साथ शुरू होगा।
Similar Post
-
पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश
जयपुर, सोमवार, 29 सितंबर 2026। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से रा ...
-
राउत का महाराष्ट्र एफडीए अधिकारियों पर उगाही का आरोप, स्वतंत्र जांच की मांग
मुंबई, सोमवार, 29 सितंबर 2026। शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ...
-
अखिलेश यादव का चुनावी ऐलान : सत्ता में आए तो पुरानी पेंशन बहाल, शिक्षामित्रों को शिक्षक बनाने का वादा
लखनऊ, सोमवार, 29 सितंबर 2026। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अख ...
