दिल्ली : शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन के निकट 23 लाख रुपये की लूट, तीन आरोपी गिरफ्तार

img

नई दिल्ली, रविवार, 22 मार्च 2026। उत्तरी दिल्ली के शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन के निकट एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के एक कर्मचारी से 23 लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, लूट की इस घटना को कंपनी के किसी कर्मचारी की ओर से मुहैया कराई गई सूचना के आधार पर अंजाम दिया गया। पुलिस ने बताया कि 23 फरवरी को कुलदीप शर्मा (28) केशव पुरम से नकदी लेकर किशनगंज स्थित अपने कार्यालय लौट रहे थे, तभी शाम करीब 7:40 बजे शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन के निकट बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया, उन पर बंदूक तान दी और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

इसने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि दोनों लुटेरे शुरू से ही शर्मा का पीछा कर रहे थे, जबकि तीसरा साथी बीच रास्ते में अलग हो गया था। उसकी पहचान राजस्थान निवासी कालाराम के रूप में हुई है, जो अभी फरार है। पुलिस ने नौ मार्च को भलस्वा डेरी से 31 वर्षीय मोनू को गिरफ्तार किया, जिसके पास से एक पिस्तौल, एक कारतूस और 3.95 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “मोनू और फरार आरोपी ने लूट की साजिश रची थी। उसी ने वारदात में इस्तेमाल हथियार और मोटरसाइकिल का इंतजाम भी किया था।”

पुलिस ने बताया कि मोनू की निशानदेही पर पुलिस ने 19 मार्च को मंगोलपुरी से 39 वर्षीय संदीप को भी गिरफ्तार किया, जो वारदात के समय बाइक चला रहा था। उसके पास से लूट की रकम में से पांच लाख रुपये बरामद हुए। इसके अलावा, आरोपियों की सूचना पर 30 वर्षीय सागर को भी पकड़ा गया, जिससे सात लाख रुपये और बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, अब तक कुल 15.95 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी और शेष रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement