'धुरंधर 2 : द रिवेंज' ने तोड़े रिकॉर्ड, पहले दिन कमाए 145 करोड़ रुपये
आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ''धुरंधर 2'' ने भारतीय सिनेमा के कई रिकॉर्ड तोड़ दिए और अपनी रिलीज़ के पहले ही दिन लगभग 145 करोड़ रुपये की कमाई की। ट्रेड ट्रैकिंग वेबसाइट 'सैकनिल्क' के प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने बुधवार को आयोजित पेड प्रीव्यू (रिलीज की आधिकारिक तारीख से पहले रिलीज किया जाना) से 43 करोड़ रुपये की कमाई की, जो किसी भी भारतीय फिल्म के लिए अब तक की सबसे बड़ी राशि है। फिल्म ने बृहस्पतिवार को पहले दिन 102.55 करोड़ रुपये कमाए, जिससे भारत में इसकी कुल कमाई लगभग 145 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। फिल्म ने हाल की सर्वाधिक कमाई वाली हिंदी फिल्में जैसे शाहरुख खान की 'जवान' (75 करोड़) और 'पठान' (57 करोड़), साथ ही हॉरर-कॉमेडी 'स्त्री 2' (54 करोड़) की शुरुआती दिन की कमाई के आंकड़े को पार कर लिया है।
अनुमान है कि 'धुरंधर 2: द रिवेंज' की विश्वव्यापी कमाई 200 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुकी है। यह फिल्म अपनी पूर्व की फिल्म 'धुरंधर' का सीक्वल है जिसे शानदार सफलता मिली थी। इस फिल्म ने रिकॉर्ड अग्रिम बुकिंग के साथ सिनेमाघरों में दस्तक दी। बुधवार को इसके पेड प्रीव्यू सहित 15 लाख से अधिक टिकटें बिकीं। उम्मीद है कि यह फिल्म अपने पहले भाग 'धुरंधर' के आंकड़े को पीछे छोड़ देगी जिसने दिसंबर 2025 में रिलीज़ के बाद दुनिया भर में 1,300 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
फिल्म का निर्माण ज्योति देशपांडे और लोकेश धर ने किया है। इसमें रणवीर सिंह ने जसकीरत सिंह रंगी का किरदार निभाया है जो एक जासूस है और पाकिस्तान में हमजा अली मज़ारी के रूप में अपनी पहचान बनाता है। इस फिल्म में बताया गया है कि कराची के अंडरवर्ल्ड में मज़ारी किस तरह अपनी पकड़ बनाता है और उसकी जड़ों तक पहुंचता है। फिल्म में आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज़ हुई है।
Similar Post
-
मीम्स और रील्स के दौर में कॉमेडी करना और अधिक चुनौतीपूर्ण : अक्षय कुमार
अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा कि लोगों को हंसाना हमेशा से चुनौतीपूर्ण ...
-
द इंडिया स्टोरी 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में रिलीज़ होगी
अभिनेत्री काजल अग्रवाल और अभिनेता श्रेयस तलपड़े ने अपनी आगामी फिल ...
-
शाहिद कपूर अभिनीत 'कॉकटेल 2' ने बॉक्स ऑफिस पर 106.61 करोड़ रुपये की कमाई की
फिल्म कलाकार शाहिद कपूर, कृति सैनन और रश्मिका मंदाना की फिल्म 'कॉक ...
