पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण कोलकाता से सात अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द
कोलकाता, शुक्रवार, 06 मार्च 2026। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण शुक्रवार को कोलकाता से खाड़ी देशों के लिए सात अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक बयान में कहा गया है कि पश्चिम एशिया में मौजूदा स्थिति के कारण नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दुबई, दोहा और अबू धाबी के लिए संचालित होने वाली सात उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। रद्द की गई सेवाओं में एयर अरबिया, एतिहाद एयरवेज, कतर एयरवेज और अमीरात द्वारा संचालित उड़ानें शामिल हैं। ये सभी उड़ानें कोलकाता को खाड़ी क्षेत्र के तीन प्रमुख पारगमन केंद्रों से जोड़ती हैं।
दुबई से कोलकाता और कोलकाता से दुबई आने-जाने वाली अमीरात की उड़ानें रद्द कर दी गईं। कोलकाता से अबू धाबी जाने वाली एयर अरबिया की उड़ान रद्द कर दी गई, जबकि अबू धाबी से कोलकाता और कोलकाता से अबू धाबी आने-जाने वाली एतिहाद एयरवेज की उड़ानें भी रद्द कर दी गईं। दोहा जा रही कतर एयरवेज की दो उड़ानें भी रद्द कर दी गईं। हवाई अड्डे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एयरलाइन कंपनियां स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही हैं और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उड़ान मार्गों की समीक्षा कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रभावित इन सेवाओं पर पहले से बुकिंग कराने वाले यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा पुनर्निर्धारण, धन वापसी या वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था के संबंध में अपनी संबंधित एयरलाइन कंपनी से संपर्क करें। खाड़ी देशों के लिए चार दिनों तक सेवाएं निलंबित रहने के बाद चार और पांच मार्च की दरमियानी रात उड़ानें आंशिक रूप से बहाल हुईं और दुबई से 'फ्लाईदुबई' का एक विमान रात दो बजकर 40 मिनट पर 130 यात्रियों के साथ कोलकाता हवाई अड्डे पर उतरा। यह पश्चिम एशिया से पहली उड़ान थी। उसी विमान ने बाद में पांच मार्च को 55 यात्रियों के साथ दुबई के लिए प्रस्थान किया।
Similar Post
-
बिश्नोई गिरोह ने केजरीवाल से सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी, नहीं देने पर मौत की धमकी दी
मोहाली, गुरुवार, 12 नवम्बर 2026। पंजाब पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आ ...
-
केरलम: माकपा, कॉजपा ने प्रदर्शनकारी एलपीएसटी रैंक धारकों का समर्थन किया
तिरुवनंतपुरम, गुरुवार, 12 नवम्बर 2026। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट ...
-
सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल से मुलाकात की
श्रीनगर, गुरुवार, 12 नवम्बर 2026। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआ ...
