असम से राज्यसभा के लिए राजग के तीन उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया
गुवाहाटी, गुरुवार, 05 मार्च 2026। असम से सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के राज्यसभा उम्मीदवारों के रूप में भारतीय जनता पार्टी के जोगेन मोहन और तेराश गोवाला तथा यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल के प्रमोद बोरो ने बृहस्पतिवार को नामांकन दाखिल किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। विपक्ष के पास राज्य विधानसभा में आवश्यक संख्या बल नहीं है और उसने अब तक कोई उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। ऐसे में राजग के तीनों उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचित होना तय माना जा रहा है। राजग के तीनों उम्मीदवारों ने केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल की उपस्थिति में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
राज्यसभा सदस्य के रूप में भारतीय जनता पार्टी के भुवनेश्वर कालिता व रामेश्वर तेली तथा विपक्ष समर्थित निर्दलीय अजीत कुमार भुइयां का कार्यकाल नौ अप्रैल को समाप्त हो रहा है। महमोरा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले जोगेन मोहन वर्तमान में राज्य सरकार में परिवहन, पर्वतीय क्षेत्र विकास तथा स्थानीय एवं जनजातीय विश्वास विभाग के मंत्री हैं। दुलियाजान विधानसभा क्षेत्र के विधायक तेराश गोवाला साइकिल से विधानसभा पहुंचे और अपना नामांकन दाखिल किया। बोडोलैंड क्षेत्रीय परिषद के पूर्व मुख्य कार्यकारी सदस्य प्रमोद बोरो राज्यसभा में यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल के दूसरे सदस्य होंगे।
उच्च सदन में असम से अन्य सदस्यों में भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और कणाद पुरकायस्थ, असम गण परिषद के बीरेंद्र प्रसाद बैश्य तथा यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल के रवंगरा नारजारी शामिल हैं। असम की 126 सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के 64 विधायक हैं, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद के नौ, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल के सात और बोडो पीपुल्स फ्रंट के तीन विधायक हैं। विपक्ष में कांग्रेस के 26 सदस्य, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के 15 सदस्य, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का एक विधायक और एक निर्दलीय विधायक है।
Similar Post
-
माकपा, कांग्रेस ने अपने पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ का आरोप लगाया
कोलकाता, गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार ...
-
मेघालय : शिलांग में ईडी के कार्यालय वाले भवन पर बाइक सवारों ने पेट्रोल बम फेंके
शिलांग, गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026। मेघालय की राजधानी शिलांग में ...
-
जम्मू-कश्मीर के बारामूला में आतंकवादियों के दो ‘ओवरग्राउंड वर्कर’ गिरफ्तार
श्रीनगर, गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026। सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर ...
