ओडिशा के ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन का 93.19 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास होगा

img

बेरहामपुर, शनिवार, 21 फरवरी 2026। ओडिशा के गंजाम जिले में स्थित ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन का 93.19 करोड़ रुपये के निवेश से पुनर्विकास किया जाएगा। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि पुनर्विकास परियोजना का उद्देश्य स्टेशन को एक आधुनिक, यात्री-अनुकूल, स्मार्ट और टिकाऊ परिवहन केंद्र में बदलना है, जो भविष्य की बढ़ती मांगों को आसानी से पूरा कर सके। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत तीन मंजिला स्टेशन भवन का निर्माण किया जाएगा, 12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज बनाया जाएगा, त्वरित जल निकासी प्रणाली विकसित की जाएगी, प्लेटफार्म का विस्तार किया जाएगा तथा बसों के लिए दो लेन वाले विशेष 'ड्रॉप पॉइंट' (बस अड्डा) बनाए जाएंगे। उन्होंने आगे बताया कि पुनर्विकास किए जा रहे स्टेशन में 500 यात्रियों के लिए प्रतीक्षा कक्ष, पांच एस्केलेटर और आठ लिफ्ट भी होंगी।

पूर्वी तट रेलवे के अधिकारी ने बताया कि स्टेशन में आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल सुविधाएं जैसे कि हरित भवन मानक, छतों पर सौर पैनल, वर्षा जल संचयन और जल पुनर्चक्रण प्रणाली, उचित पृथक्करण के साथ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली होंगी। साथ ही एक आधुनिक अग्निशमन प्रणाली भी होगी। उन्होंने कहा कि स्टेशन का बाहरी और आंतरिक भाग सिल्क सिटी बेरहामपुर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रतिबिंबित करेगा। बेरहामपुर के सांसद प्रदीप कुमार पाणिग्रही ने पुनर्विकास परियोजना को मंजूरी देने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ''मुझे उम्मीद है कि दक्षिणी ओडिशा के लोगों की बेरहामपुर से पुरी तक नयी रेलवे लाइन और नयी ट्रेनों की शुरुआत व एक कोचिंग डिपो जैसी अन्य मांगें जल्द पूरी हो जाएंगी।''

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement