पंजाब: मोगा में प्रवासी मजदूरों पर गोलीबारी के दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
चंडीगढ़, रविवार, 15 फरवरी 2026। पंजाब के मोगा जिले में प्रवासी मजदूरों पर गोलीबारी में कथित रूप से शामिल दो व्यक्तियों को रविवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया यह मुठभेड़ घलकलां गांव के पास हुई। इस दौरान जोबनप्रीत के पैर में गोली लगी है जबकि उसके साथी आकाशदीप को भी पकड़ लिया गया है। मोगा में 10 फरवरी को मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने मजदूरों के एक समूह पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं थीं, जिसमें दो प्रवासी मजदूर घायल हो गए थे।
मोगा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गांधी ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि पुलिस को गोलीबारी की घटना में शामिल इन दोनों आरोपियों की मौजूदगी के बारे में पहले से ही जानकारी थी। एसएसपी के अनुसार, पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल सवार जोबनप्रीत और आकाशदीप को रुकने का इशारा किया लेकिन उन्होंने पुलिस पर गोलियां चला दीं। हालांकि कोई भी पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ, लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जोबनप्रीत घायल हो गया जबकि भागने की कोशिश कर रहे आकाशदीप को भी पकड़ लिया गया।
आरोपियों के पास से दो हथियार, पांच कारतूस बरामद करने के साथ उस मोटरसाइकल को भी जब्त कर लिया गया है जिसे गोलीबारी की घटना में इस्तेमाल किया गया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि इन दोनों आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर विदेश में बैठे अपने 'हैंडलर' के निर्देश पर 10 फरवरी को मजदूरों पर गोलियां चलाई थीं। एसएसपी का कहना है कि उनका मकसद पंजाब में शांति भंग करना था। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को पनाह देने के आरोप में फिरोजपुर जिले के दो व्यक्तियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
Similar Post
-
राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक सोमवार को; एसआईटी रिपोर्ट और इस्तीफों पर चर्चा की संभावना
अयोध्या (उप्र), शनिवार, 04 जुलाई 2026। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामल ...
-
रेखा गुप्ता ने 'वर्क फ्रॉम होम' की व्यवस्था संबंधी आदेश वापस लिया
नई दिल्ली, शनिवार, 04 जुलाई 2026। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गु ...
-
गृह मंत्रालय ने पाकिस्तान में सक्रिय 23 व्यक्तियों को यूएपीए के तहत 'आतंकवादी' घोषित किया
नई दिल्ली, शनिवार, 04 जुलाई 2026। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शनिव ...
