आतंकवाद के आरोपी अब्दुल रहमान की फरीदाबाद जेल में हत्या
फरीदाबाद (हरियाणा), सोमवार, 09 फरवरी 2026। फरीदाबाद जिले की नीमका जेल में बंद आतंकवाद के आरोपी अब्दुल रहमान की कारागार परिसर में झड़प के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हाल में जम्मू कश्मीर से इस जेल में स्थानांतरित किये गए अरुण चौधरी नाम के एक कैदी ने रहमान की कथित तौर पर हत्या कर दी। जेल में रविवार रात दो कैदियों के बीच विवाद होने के बाद यह घटना हुई। जम्मू कश्मीर निवासी चौधरी ने रहमान पर धारदार हथियार से वार किया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दोनों कैदियों के बीच हुई झड़प के घटनाक्रम का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। उत्तर प्रदेश के फैजाबाद जिले के मिल्कीपुर निवासी रहमान 2025 में अपनी गिरफ्तारी के बाद से जेल में बंद था। उसे गुजरात आतंकवाद-रोधी दस्ता और हरियाणा पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने फरीदाबाद के पास पाली गांव से पकड़ा था। रहमान के खिलाफ फरीदाबाद के डबुआ थाने में प्राथमिकी दर्ज थी।
उसकी गिरफ्तारी के समय, अधिकारियों ने बताया था कि रहमान अयोध्या में विस्फोट को अंजाम देने की साजिश में शामिल था। एसटीएफ के एक अधिकारी ने बताया था कि उसके तार पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने का संदेह है। सूत्रों ने बताया था कि हरियाणा एसटीएफ को सूचना मिली थी कि एक 'स्लीपर सेल' रहमान की सहायता कर रहा होगा क्योंकि वे उसे हथगोला मुहैया करा रहे थे। हालांकि, रहमान के माता-पिता ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि वह किसी भी आतंकी गतिविधि में शामिल नहीं था।
Similar Post
-
टीवीके नीत गठबंधन के नेता मुख्यमंत्री विजय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भाग लेने पहुंचे
चेन्नई, बुधवार, 09 सितंबर 2026। तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा व ...
-
हत्या के मामले में अदालत ने छह लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनायी
बाराबंकी (उप्र), बुधवार, 09 सितंबर 2026। जिले के मसौली के ग्राम र ...
-
द्रमुक मुख्यमंत्री विजय की टिप्पणी के विरोध में 12 सितंबर को राज्यव्यापी प्रदर्शन करेगी
चेन्नई, बुधवार, 09 सितंबर 2026। तमिलनाडु के मुख्य विपक्षी दल द् ...
