भारत ने सेशेल्स के लिए 17.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर के आर्थिक पैकेज की घोषणा की
नई दिल्ली, सोमवार, 09 फरवरी 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ व्यापक बातचीत की जिसके बाद भारत ने सोमवार को इस द्वीप राष्ट्र को विकास सहायता के रूप में 17.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर देने की घोषणा की। दोनों पक्षों ने सतत विकास, व्यापार, अर्थव्यवस्था और सुरक्षा के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए एक व्यापक दृष्टिपत्र पर भी सहमति व्यक्त की। हर्मिनी भारत की छह दिवसीय यात्रा पर आए हैं। हिंद महासागर क्षेत्र में सेशेल्स भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी देश है। मोदी ने अपने मीडिया वक्तव्य में कहा, ''भारत और सेशेल्स केवल भौगोलिक रूप से ही नहीं बल्कि इतिहास, विश्वास और भविष्य के लिए साझा दृष्टि से भी जुड़े हुए हैं।''
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकास साझेदारी भारत-सेशेल्स संबंधों की मजबूत आधारशिला रही है। न्होंने कहा, ''हमारे सभी प्रयास सेशेल्स की प्राथमिकताओं और आवश्यकताओं पर आधारित रहे हैं। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए, आज हम 17.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर का एक विशेष आर्थिक पैकेज घोषित करने जा रहे हैं।'' मोदी ने कहा कि यह पैकेज ''ठोस परियोजनाओं'' को समर्थन देगा, जो सामाजिक आवास, परिवहन सुविधा, व्यावसायिक प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, रक्षा और समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में लागू की जाएंगी। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में दोनों देशों के लोगों के बीच परस्पर संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, ''भारत-सेशेल्स संबंधों की सबसे बड़ी ताकत हमारे लोगों के बीच के संबंध हैं। सेशेल्स में बसे भारतीय समुदाय ने वहां के सामाजिक और आर्थिक जीवन में उल्लेखनीय योगदान दिया है।'' उन्होंने कहा, ''साथ ही उन्होंने पीढ़ी-दर-पीढ़ी हमारी मित्रता को भी मजबूत किया है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि आज की बातचीत के बाद यह स्पष्ट है कि भारत-सेशेल्स संबंध एक नए चरण में प्रवेश कर रहे हैं।
Similar Post
-
ओडिशा: रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हवा में गोली चलाने के आरोप में भाजपा विधायक के खिलाफ मामला दर्ज
भुवनेश्वर, रविवार, 29 मार्च 2026। ओडिशा के बोलांगीर जिले के टिट ...
-
हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश से तापमान में गिरावट
चंडीगढ़, रविवार, 29 मार्च 2026। पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों ...
-
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर रणथंभौर के पास बड़ा पुल खोला गया
जयपुर, रविवार, 29 मार्च 2026। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रणथं ...
