पांच तेजस लड़ाकू विमान भारतीय वायुसेना को सौंपे जाने के लिए तैयार : एचएएल

img

नई दिल्ली, गुरुवार, 05 फरवरी 2026। सरकारी एयरोस्पेस कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने बृहस्पतिवार को कहा कि पांच तेजस हल्के लड़ाकू विमान भारतीय वायु सेना को सौंपने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। रक्षा मंत्रालय ने फरवरी 2021 में वायु सेना के लिए 83 तेजस एमके-1ए लड़ाकू विमान खरीदने के लिए एचएएल के साथ 48,000 करोड़ रुपये का करार किया था। हालांकि जीई एयरोस्पेस द्वारा इंजन की आपूर्ति कई समय सीमाओं के बावजूद नहीं होने की वजह से इन लड़ाकू विमानों की आपूर्ति में देरी हो रही है। एचएएल की एक प्रवक्ता ने बताया, ''एचएएल पुष्टि करती है कि पांच विमान आपूर्ति के लिए पूरी तरह से तैयार हैं, जिनमें अनुबंधित विशिष्टताओं के अनुसार प्रमुख क्षमताएं शामिल हैं।'' उन्होंने बताया, ''नौ अतिरिक्त विमान पहले ही बनकर तैयार हो चुके हैं और उनका परीक्षण भी हो चुका है। जीई से इंजन प्राप्त होते ही ये विमान आपूर्ति के लिए तैयार हो जाएंगे।'' प्रवक्ता ने बताया कि डिजाइन और विकास से संबंधित सभी समस्याओं का तेजी से समाधान किया जा रहा है।

तेजस एकल इंजन वाला बहुउद्देशीय लड़ाकू विमान है जो उच्च खतरे वाले हवाई वातावरण में अपने मिशन को अंजाम देने में सक्षम है। इसे वायु रक्षा, समुद्री टोही और आक्रमणकारी भूमिकाओं को निभाने के लिए डिजाइन किया गया है। प्रवक्ता ने कहा कि एचएएल विमान की जल्द से जल्द आपूर्ति के लिए भारतीय वायु सेना के साथ सक्रिय रूप से बातचीत कर रहा है। उन्होंने कहा, ''एचएएल को अबतक जीई से पांच इंजन प्राप्त हो चुके हैं। जीई की आपूर्ति की स्थिति सकारात्मक है, और भविष्य में आपूर्ति एचएएल की योजनाओं के अनुरूप है।'' प्रवक्ता ने कहा, ''एचएएल आश्वस्त करता है कि वह चालू वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा कर लेगा।''

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement