रणवीर सिंह ने अपनी अगली फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' का टीजर जारी किया
अभिनेता रणवीर सिंह ने अपनी फिल्म 'धुरंधर' की बॉक्स ऑफिस पर भारी सफलता के बाद मंगलवार को इसके बहुप्रतीक्षित दूसरे भाग 'धुरंधर: द रिवेंज' का टीजर साझा किया। टीजर में उनका जासूस-गैंगस्टर किरदार हमजा अली मजारी परिस्थितियों और प्रतिशोध की भावना के चलते पूरी तरह बदल जाता है और बदले के जुनून में बेहद खतरनाक तथा निर्मम हत्यारे के रूप में उभरता है। एक मिनट से अधिक लंबे इस टीजर के अंत में सिंह को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "ये नया हिंदुस्तान है, घर में घुसेगा भी और मारेगा भी।" इसी के साथ अभिनेता ने फिल्म का पहला पोस्टर भी साझा करते हुए लिखा कि 'अब बिगड़ने का वक्त आ गया है'। यह पहले भाग की उन घटनाओं की ओर इशारा है, जिसमें उनके किरदार को अक्षय खन्ना के किरदार 'रहमान डकैत' के गुर्गे के रूप में ताकत जुटाते हुए दिखाया गया था। इसके बाद उन्होंने फिल्म की अगली कड़ी यानी 'धुरंधर: द रिवेंज' का टीजर जारी किया।
आदित्य धर द्वारा निर्देशित यह फिल्म 19 मार्च को हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पहली फिल्म में सिंह के किरदार जसकीरत सिंह के युवा संस्करण को दिखाया गया था, जबकि नई फिल्म जसकीरत की पुरानी कहानी और उन परिस्थितियों पर केंद्रित होगी, जिनकी वजह से वह हमजा बन गया। फिल्म 'धुरंधर' पांच दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसने बॉक्स ऑफिस पर 1,300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है। फिल्म का पहला भाग अब नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
टीजर में अभिनेता आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और संजय दत्त भी नजर आए हैं। यह फिल्म कराची के ल्यारी इलाके की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जो गैंगवार और हिंसक क्षेत्रीय संघर्षों के इतिहास के लिए जाना जाता है। फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं और इसकी कहानी कंधार विमान अपहरण, 2001 संसद हमला और 26/11 मुंबई हमलों जैसी भू-राजनीतिक और आतंकी घटनाओं की पृष्ठभूमि में खुफिया अभियानों पर आधारित है। इस फिल्म का निर्माण आदित्य धर और लोकेश धर ने ज्योति देशपांडे के 'जियो स्टूडियोज' के सहयोग से 'बी62 स्टूडियोज' के बैनर तले किया है।
Similar Post
-
रानी मुखर्जी को राज कपूर विशेष योगदान पुरस्कार
बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी को भारतीय सिनेमा में उल्लेखनीय योग ...
-
यामी गौतम की फिल्म 'नई नवेली' का टीजर लॉन्च
अभिनेत्री यामी गौतम की हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'नई नवेली' के मेकर्स ने ...
-
तापसी पन्नू स्टारर ‘गांधारी’ बनी नेटफ्लिक्स पर दूसरी सबसे बड़ी इंडियन ओरिजिनल फिल्म ओपनिंग
तापसी पन्नू की लीडिंग गांधारी ने नेटफ्लिक्स पर एक बड़ी उपलब्धि हास ...
