‘क्या भाजपा ने वॉशिंग मशीन में अन्नाद्रमुक के भ्रष्टाचार को धो दिया है?’ : स्टालिन
चेन्नई, शुक्रवार, 30 जनवरी 2026। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने शुक्रवार को भाजपा पर तीखा हमला करते हुए सवाल किया कि क्या भ्रष्टाचार में कथित रूप से शामिल उसकी सहयोगी ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) को उनकी ‘‘वॉशिंग मशीन’’ में साफ कर दिया गया है। स्टालिन ने चेन्नई में ‘एनडीटीवी तमिलनाडु समिट’ का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उन्होंने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर ‘‘बेबुनियाद आरोप’’ लगाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग तमिलनाडु के विकास को पचा नहीं पाते वे ‘‘व्हाट्सऐप यूनिवर्सिटी’’ के जरिए झूठ फैलाते हैं।
द्रमुक प्रमुख ने कहा, ‘‘हमारे खिलाफ लगाए गए सभी आरोप एक घिसी-पिटी कहानी पर आधारित हैं। इनमें से पहला आरोप राजनीतिक वंशवाद का है। मैं इसका जवाब पहले ही दे चुका हूं। राजनीति में आने की पूरी आजादी है, लेकिन सफलता पाने के लिए उन्हें जनता के सामने आना होगा, उनका विश्वास जीतना होगा और वोट हासिल करने होंगे। यह निराधार आरोप उन लोगों ने लगाए हैं जो जमीनी स्तर पर हमारा सामना नहीं कर सकते।’’ उन्होंने हम पर जो दूसरा आरोप लगाया है, वह है ‘‘भ्रष्टाचार’’। उन्होंने पूछा, क्या अब तक किसी ने भी हमारे खिलाफ लगाए गए एक भी आरोप को साबित किया है?
भाजपा पर हमला करते हुए स्टालिन ने कहा, ‘‘जो लोग इस समय आपके साथ हैं, वे ही असल में भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, विशेष रूप से अन्नाद्रमुक, जिन्हें भ्रष्टाचार के मामलों में उच्चतम न्यायालय ने दोषी ठहराया है। जब आप उनके साथ गठबंधन में नहीं थे तब आपने उन पर कितने आरोप लगाए थे? क्या अब आपने उन्हें अपनी वॉशिंग मशीन में धो दिया है?’’ विपक्ष का आरोप है कि तमिलनाडु हिंदू विरोधी है। उन्होंने दावा किया कि सत्ता में आने के बाद पिछले 1,730 दिनों में 4,000 से अधिक मंदिरों में प्राण-प्रतिष्ठा कराई गई है जो किसी भाजपा शासित राज्य में भी नहीं हुआ है। स्टालिन ने कहा, ‘‘सच्चे श्रद्धालु इससे खुश हैं।’’
Similar Post
-
घर में लगी आग बुझाने के दौरान गैस सिलेंडर में विस्फोट; पुलिसकर्मियों समेत 13 लोग घायल
नई दिल्ली, रविवार, 22 फरवरी 2026। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मजलिस प ...
-
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में मुठभेड़ में एक आतंकवादी ढेर
जम्मू, रविवार, 22 फरवरी 2026। जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ जिले क ...
-
बंगाल की 'सिलिकॉन वैली' में 75,000 लोगों को नौकरियां, 25,000 करोड़ का आईटी निर्यात : डेरेक ओ'ब्रायन
नई दिल्ली, रविवार, 22 फरवरी 2026। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेत ...
