भुवनेश्वर: बाजार में भीषण आग लगने से 40 से अधिक दुकानें जलीं
भुवनेश्वर, मंगलवार, 20 जनवरी 2026। भुवनेश्वर के ‘यूनिट-1’ बाजार में सोमवार देर रात लगी भीषण आग में 40 से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गईं और लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे लगी आग को बुझाने के लिए दमकल के 13 से अधिक वाहन और 80 कर्मियों को घंटों लग गए तथा फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी रमेश चंद्र माझी ने कहा कि दुकानों के एक-दूसरे के बहुत करीब स्थित होने और कर्मियों तथा उपकरणों को ले जाने के लिए पर्याप्त जगह न होने की वजह से आग पर काबू पाना मुश्किल था।
दमकल के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि घटना के समय दो लोग एक दुकान में सो रहे थे, लेकिन वे वहां से निकलने में कामयाब रहे, जिससे उनकी जान बच गई। सुबह के समय भुवनेश्वर की महापौर सुलोचना दास और भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी) के आयुक्त चंचल राणा ने स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा किया। दास ने कहा कि दुकानें बनाने में प्लास्टिक के सामान का अधिक उपयोग किया गया था, जिससे आग तेजी से फैल गई। उन्होंने कहा कि बाजार में एक छोटे से क्षेत्र में कई दुकानें बनाई गई हैं, जिसके कारण अक्सर आग लगने की घटनाएं होती रहती हैं।
राणा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘आग में करीब 40 दुकानें और कुछ ठेले जलकर खाक हो गए। नुकसान का आकलन करने के लिए हमारी आपातकालीन टीम और तहसीलों की दो टीम तैनात की गई हैं। प्रभावित दुकानदारों को सरकार की ओर से आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।” उन्होंने यह भी कहा कि दुकानों को ढकने के लिए प्लास्टिक के अत्यधिक उपयोग के कारण बाजार में आग ने विकराल रूप ले लिया। बीएमसी आयुक्त ने बताया कि विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) ने हाल ही में बाजार में आग से बचाव के विशेष उपाय करने के लिए 20 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की है। इसी बीच, इलाके में आवश्यक सफाई कार्य करने के लिए यूनिट-1 का पूरा बाजार दिन भर के लिए बंद कर दिया गया।
Similar Post
-
रेतीली पगडंडी से रैम्प की चमक तक: तानों को कामयाबी से जवाब देकर कामना ने बढ़ाया मारवाड़ का मान
- मिस ग्लैम राजस्थान 2026 की ब्रांड एंबेसडर बनीं कुंडल की बेटी का ...
-
गुरु गोबिंद सिंह से प्रेरणा लेकर बिहार को समृद्ध बनाने के लिए काम करूंगा: सम्राट चौधरी
पटना, गुरुवार, 16 अप्रैल 2026। बिहार के नवनियुक्त मुख्यमंत्री स ...
-
महिला आरक्षण कानून में संशोधन और परिसीमन संबंधी विधेयकों को जोड़ना एक 'साजिश' है: बनर्जी
माथाभंगा (पश्चिम बंगाल), गुरुवार, 16 अप्रैल 2026। पश्चिम बंगाल क ...
