मुंबई की प्रगति सुनिश्चित करना भाजपा की जिम्मेदारी है: उमर अब्दुल्ला
मुंबई, रविवार, 18 जनवरी 2026। जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को कहा कि हाल में हुए बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद मुंबई की प्रगति अब भाजपा की जिम्मेदारी बन गई है।अब्दुल्ला ने कहा, “लंबे अंतराल के बाद चुनाव हुए। हर चुनाव में कोई जीतता है और कोई हारता है। भाजपा ने अधिकतम सीट हासिल की हैं। मुंबई की प्रगति सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी बनती है।” जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ‘टाटा मुंबई मैराथन’ में भाग लेने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे, जहां उन्होंने हजारों धावकों के साथ इस प्रतिष्ठित खेल आयोजन के माध्यम से फिटनेस, स्थिरता और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा दिया।उन्होंने कहा, “बृहन्मुंबई महानगर पालिका चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने के बाद, भाजपा पर अब मुंबईवासियों की अपेक्षाओं को पूरा करने की बड़ी जिम्मेदारी है।”
उन्होंने कहा कि मुंबई की जनता ने भाजपा को मुंबई की प्रगति सुनिश्चित करने का मौका दिया है। अब्दुल्ला ने अपने कॉलेज की पढ़ाई के दौरान मुंबई में बिताये गए तीन वर्षों को भी याद किया।उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं कॉलेज के दिनों में तीन साल मुंबई में था, तब सपने में भी किसी ने नहीं सोचा होगा कि एक दिन इस शहर में तटीय सड़क जैसी बुनियादी ढांचा परियोजनाएं होंगी।” शुक्रवार को भाजपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के गठबंधन ने बृहन्मुंबई महानगर पालिका के 227 सदस्यीय सदन में स्पष्ट बहुमत हासिल किया। भाजपा और शिवसेना के गठबंधन ने क्रमशः 89 और 29 सीट जीतीं।
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) ने 65 सीट जीतीं, जबकि शिवसेना (उबाठा) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने छह सीट जीतीं। वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) के साथ गठबंधन करने वाली कांग्रेस को 24 सीट मिलीं, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम) ने आठ, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने तीन, समाजवादी पार्टी ने दो और राकांपा (शरद चंद्र पवार) को सिर्फ एक सीट मिली।
Similar Post
-
बिहार की सरकार अब गुजरात से चलेगी: तेजस्वी यादव
पटना, शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक ...
-
रेखा गुप्ता ने 200 ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
नई दिल्ली, शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ...
-
भाजपा महिला आरक्षण विधेयक की आड़ में परिसीमन विधेयक ला रही है: ममता
कूच बिहार (पश्चिम बंगाल), शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026। पश्चिम बंगाल ...
