कश्मीर में ठंड में कुछ कमी आई, श्रीनगर में तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
श्रीनगर, शुक्रवार, 05 दिसंबर 2025। कश्मीर घाटी में आसमान में बादल छाए रहने की वजह से रात का तापमान बढ़कर सामान्य से ऊपर पहुंच गया जिससे इलाके में ठंड में कुछ कमी आई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को अधिकतर स्थानों पर पारा जमाव बिंदु से ऊपर रहने के कारण निवासियों को कड़ाके की ठंड से काफी राहत मिली। उन्होंने बताया कि न्यूनतम तापमान इस मौसम के सामान्य तापमान से एक से तीन डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में बृहस्पतिवार रात का न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछली रात यानी बुधवार रात को दर्ज किये गए तापमान (शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे) से चार डिग्री अधिक रहा। अधिकारियों ने बताया कि घाटी के प्रवेशद्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा और दक्षिणी कश्मीर के कोकेरनाग में पारा क्रमश: 0.2 डिग्री सेल्सियस तथा 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दक्षिण कश्मीर के पहलगाम पर्यटन स्थल में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग स्कीइंग क्षेत्र में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस रहा। केंद्र शासित प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान पुलवामा जिले का कोनीबाल शहर रहा, जहां पारा शून्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि शुक्रवार देर रात ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार छह और सात दिसंबर को मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा जबकि आठ दिसंबर को ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बर्फबारी की संभावना है।
Similar Post
-
नड्डा के बयान पर सिब्बल का हमला, बोले- 'कितना अहंकार है'
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल न ...
-
कॉजपा प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की बर्बरता से जुड़ी याचिका पर तत्काल सुनवाई से अदालत का इनकार
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। दिल्ली उच्च न्यायालय ने 'कॉक ...
-
भारत ने डेंगू के अपने पहले टीके को मंजूरी दी
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। सरकार ने मंगलवार को कहा कि टाक ...
