संविधान के मूल्यों और आदर्शों को अपनाने पर पूरा होगा विकसित राष्ट्र का लक्ष्य: बिरला
नई दिल्ली, बुधवार, 26 नवंबर 2025। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब लोग अपने जीवन में संविधान के मूल्यों और आदर्शों को अपनाएंगे। संविधान सदन (पुराना संसद भवन) के केंद्रीय कक्ष में आयोजित संविधान दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिरला ने यह भी कहा कि संविधान के मार्गदर्शन में देश ने सुशासन और सामाजिक-आर्थिक विकास की एक परिवर्तनकारी यात्रा तय की है। बिरला ने कहा, ‘‘इस पावन अवसर पर आज हम भारत की संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ राजेन्द्र प्रसाद जी, हमारे संविधान के शिल्पकार बाबासाहब डॉ. भीम राव अम्बेडकर जी एवं संविधान सभा के सभी माननीय सदस्यों को आदरपूर्वक नमन करते हैं। उनके अद्भुत ज्ञान, विवेक, दूरदृष्टि और अथक परिश्रम से ही हमें ऐसा महान संविधान मिला, जो हमें न्याय, समानता, बंधुत्व और हर नागरिक के सम्मान और गरिमा की गारंटी देता है।’’
उनका कहना था कि संविधान सदन का केंद्रीय कक्ष वह पवित्र स्थान है जहां गहन चर्चा संवाद एवं विचार मंथन के बाद संविधान को आकार दिया गया तथा जनता की आकांक्षाओं को संवैधानिक प्रावधानों में लिपिबद्ध किया गया। बिरला ने कहा, ‘‘संविधान के मार्गदर्शन में पिछले सात दशक से अधिक के कालखंड में हमने नीतियां और कानून बनाये और सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के लक्ष्य प्राप्त किए। अपने संविधान के मार्गदर्शन में हमने सुशासन और सामाजिक-आर्थिक विकास की एक परिवर्तनकारी यात्रा तय की है। भारत आज विश्व का सबसे जीवंत और सफल लोकतंत्र माना जाता है।’’
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हमारा संविधान हमारा गौरव है। हमारे संविधान की प्रस्तावना में लिखित शब्द – ‘हम भारत के लोग’, हमारी सामूहिक शक्ति, राष्ट्रीय एकता और जन-कल्याण के लक्ष्य की सशक्त अभिव्यक्ति है।’’ उन्होंने इस बात पर जोर दिया, ‘‘आज हम सभी का सामूहिक लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का है और यह लक्ष्य तभी पूर्ण होगा जब हम अपने जीवन में संविधान के मूल्यों और आदर्शों को अपनाएंगे।’’ बिरला ने कहा, ‘‘ आइए, आज इस पावन दिवस पर हम सभी अपने इस संकल्प को और दृढ़ करें कि हम संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों को आत्मसात करेंगे, हमारा हर निर्णय राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखेगा और अपने कर्तव्यों और दायित्वों को निभाते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए हम ऐसे भारत का निर्माण करेंगे जो विकास, न्याय, एकता, बंधुता और मानवीय गरिमा की मिसाल हो।’’
Similar Post
-
नड्डा के बयान पर सिब्बल का हमला, बोले- 'कितना अहंकार है'
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल न ...
-
कॉजपा प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की बर्बरता से जुड़ी याचिका पर तत्काल सुनवाई से अदालत का इनकार
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। दिल्ली उच्च न्यायालय ने 'कॉक ...
-
भारत ने डेंगू के अपने पहले टीके को मंजूरी दी
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। सरकार ने मंगलवार को कहा कि टाक ...
