हापुड़ में तीन गिरफ्तार, हाइड्रोफ्लोरिक एसिड और विस्फोटक बरामद
हापुड (उप्र), बुधवार, 12 नवंबर 2025। हापुड जिले में दो अलग-अलग स्थानों से तीन लोगों को कथित तौर पर बिना अनुमति के 46 किलोग्राम हाइड्रोफ्लोरिक एसिड और 2.5 किलोग्राम विस्फोटक ले जाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिल्ली में विस्फोट की घटना के बाद कड़ी सुरक्षा जांच के बीच ये गिरफ्तारियां हुईं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस बरामदगी का दिल्ली विस्फोट मामले या फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल में विस्फोटकों की जब्ती से कोई संबंध है। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) विनीत भटनागर के अनुसार, पुलिस ने मंगलवार देर शाम नियमित जांच के दौरान पिलखुवा क्षेत्र में हिनालापुर बंबा पुलिया के पास खड़े एक व्यक्ति को रोका। उस व्यक्ति की पहचान मुरादाबाद जिले के कांठ निवासी शोएब के रूप में हुई, जो एक बड़ी प्लास्टिक की कैन ले जा रहा था।
भटनागर ने बताया कि पूछताछ करने पर, शोएब ने कथित तौर पर कहा कि कंटेनर में 38 किलोग्राम हाइड्रोफ्लोरिक एसिड था, जिसे उसने एक घंटे पहले बिना किसी दस्तावेज या परमिट के एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदा था। एएसपी ने कहा, "चूंकि उसके जवाब असंगत थे, इसलिए उसे विस्तृत पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया।" बुधवार की सुबह एक अलग घटना में, उसी क्षेत्र में परतापपुर चौराहे पर वाहनों की जांच कर रही एक पुलिस टीम ने कंधे पर बैग लटकाए जा रहे दो लोगों को रोका।
उप-निरीक्षक सुनील कुमार ने कहा कि उनके बैग की जांच में 2.5 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। दोनों की पहचान शोभित कुमार और विजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। सीतापुर के निवासी इन दोनों व्यक्तियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने खेतों से आवारा जानवरों को भगाने के लिए हरियाणा के हिसार की एक कंपनी से सामग्री खरीदी थी। पुलिस ने अभी तक दोनों के पास से जब्त किए गए विस्फोटकों की प्रकृति का खुलासा नहीं किया है। एएसपी भटनागर ने कहा कि तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, और उनके दावों और पदार्थों के स्रोत को सत्यापित करने के लिए आगे की जांच चल रही है।
नयी दिल्ली में 10 नवंबर को, लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक ट्रैफिक सिग्नल पर धीमी गति से चलने वाली एक कार में एक उच्च तीव्रता वाला विस्फोट हुआ, जिसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और लगभग 20 अन्य घायल हो गए। कार विस्फोट का संबंध कुछ दिन पहले हरियाणा के फ़रीदाबाद में उजागर हुए एक बड़े आतंकी मॉड्यूल से पाया गया। फ़रीदाबाद में बरामद वस्तुओं में भारी मात्रा में बम बनाने की सामग्री और हथियार शामिल हैं। 350 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध अमोनियम नाइट्रेट सहित लगभग 2,900 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री जब्त की गई थी।
Similar Post
-
मेरठ में दो उपनिरीक्षक पर व्यापारी का अपहरण और वसूली का आरोप, 15 लाख रुपये बरामद
मेरठ (उप्र), मंगलवार, 10 फरवरी 2026। मेरठ में लोहिया नगर थाने में ...
-
यदि भाषा विरोध बीमारी है तो अधिकांश राज्य इससे ग्रस्त हैं: राज ठाकरे ने भागवत पर साधा निशाना
मुंबई, मंगलवार, 10 फरवरी 2026। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनए ...
-
प्रतिस्पर्धा के बजाय अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर आधारित है भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम: इसरो प्रमुख
बेंगलुरु, मंगलवार, 10 फरवरी 2026। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संग ...
