गुजरात मंत्रिपरिषद में फेरबदल: मंत्रियों की कुल संख्या 26 हुई, संघवी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली
गांधीनगर, शुक्रवार, 17 अक्टूबर 2025। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को 19 विधायकों को मंत्रियों के तौर पर शामिल कर मंत्रिपरिषद में फेरबदल किया और गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी को उपमुख्यमंत्री बनाया। इसी के साथ पटेल समेत मंत्रिपरिषद में शामिल कुल नेताओं की संख्या 26 हो गई है। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने नए मंत्रियों के साथ-साथ उन नेताओं को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जिन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है और राज्य मंत्रियों से राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है। सूरत शहर के मुजारा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले संघवी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वह अब तक गृह राज्य मंत्री थे। संघवी और भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाले पिछले मंत्रिमंडल का हिस्सा रहे पांच अन्य विधायक मंत्रिपरिषद में बने हुए हैं। सभी 16 मंत्रियों ने हालांकि बृहस्पतिवार को इस्तीफा दे दिया था, लेकिन इन छह मंत्रियों के इस्तीफे मुख्यमंत्री ने स्वीकार नहीं किए।
इन छह में से तीन – कनुभाई पटेल, ऋषिकेश पटेल और कुंवरजी बावलिया – पहले कैबिनेट मंत्री थे, जबकि संघवी, प्रफुल्ल पानसेरिया और पुरुषोत्तम सोलंकी राज्य मंत्री थे। इनमें से केवल संघवी और पानसेरिया ने शुक्रवार को दोबारा शपथ ली। संघवी को उपमुख्यमंत्री और पानसेरिया को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया। मंत्रिपरिषद में शामिल किए गए 19 विधायकों में जीतू वाघाणी, अर्जुन मोढवाडिया और मनीषा वकील शामिल हैं। राज्य मंत्री के रूप में भारतीय क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को शामिल किया जाना आश्चर्यजनक कदम है।
Similar Post
-
आज का भारत बदल रहा, स्टार्टअप समय की आवश्यकता : राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
लखनऊ, मंगलवार, 08 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज ...
-
सपा की छात्र इकाई ने नीली टी-शर्ट, जींस को नये ‘ड्रेस कोड’ के तौर पर अपनाया : अखिलेश
लखनऊ, मंगलवार, 08 सितंबर 2026। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अ ...
-
जीओसी ने लद्दाख में अग्रिम इलाकों का दौरा किया, अभियानगत तैयारियों की समीक्षा की
लेह/जम्मू, मंगलवार, 08 सितंबर 2026। ‘फायर एंड फ्यूरी’ कोर के ...
