ऊर्जा खरीद के आधार को व्यापक और विविधतापूर्ण बना रहे हैं: भारत
नई दिल्ली, गुरुवार, 16 अक्टूबर 2025। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रूस से कच्चे तेल की खरीद में कटौती का आश्वासन दिये जाने के अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावे के कुछ ही घंटे बाद, भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह बाजार की परिस्थितियों के अनुरूप पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति के स्रोत को व्यापक और विविध बना रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि अस्थिर ऊर्जा परिदृश्य में भारतीय उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना सरकार की निरंतर प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी आयात नीतियां पूरी तरह इसी उद्देश्य से निर्देशित हैं।’’ जायसवाल अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की टिप्पणी पर मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘स्थिर ऊर्जा मूल्य और सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करना हमारी ऊर्जा नीति के दोहरे लक्ष्य रहे हैं।’’ जायसवाल ने कहा, ‘‘इसमें हमारी ऊर्जा आपूर्ति के स्रोत का आधार व्यापक बनाना और बाजार की परिस्थितियों के अनुरूप इसमें विविधता लाना शामिल है।’’
पश्चिमी प्रतिबंधों के बावजूद भारत द्वारा रूस से पेट्रोलियम उत्पादों की निरंतर खरीद एक बड़ा मुद्दा बन गया है, जिसके परिणामस्वरूप नई दिल्ली और वाशिंगटन के बीच संबंधों में भारी गिरावट आई है। वाशिंगटन में, ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा कि मोदी ने ‘‘मुझे आश्वासन दिया है कि रूस से कोई तेल खरीद नहीं की जाएगी।’’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत खरीद में तुरंत कटौती नहीं कर पाएगा, लेकिन प्रक्रिया शुरू हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘यह (प्रक्रिया) शुरू हो गई है। वह इसे तुरंत नहीं कर सकते। लेकिन यह प्रक्रिया जल्द ही पूरी हो जाएगी।’’
Similar Post
-
रामलिंगा रेड्डी का इस्तीफा स्वीकार नहीं करूंगा : मुख्यमंत्री शिवकुमार
बेंगलुरु, शनिवार, 06 जून 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिव ...
-
नीट के आयोजन में प्रौद्योगिकी और एआई का इस्तेमाल किया गया होता तो यह स्थिति पैदा न होती: पवार
पुणे, शनिवार, 06 जून 2026। राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा- ...
-
राज्यसभा चुनाव: झामुमो ने पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बनाया
रांची, शनिवार, 06 जून 2026। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज् ...
