भाजपा सरकार की ‘विफलताओं’ को उजागर करने के लिए बीजद यात्रा शुरू करेगा
भुवनेश्वर, सोमवार, 29 सितंबर 2025। बीजू जनता दल (बीजद) राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार की कथित विफलताओं के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए नौ अक्टूबर से एक महीने की यात्रा शुरू करेगा। पार्टी के एक नेता ने सोमवार को यह जानकारी दी। बीजद नेता देबी प्रसाद मिश्रा ने कहा कि वार्षिक जन संपर्क पदयात्रा राज्य भर के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र, ब्लॉक और पंचायत में नौ नवंबर तक जारी रहेगी। उन्होंने कहा, ‘बीजद आमतौर पर हर साल 2 अक्टूबर से ऐसी यात्रा निकालता है, लेकिन 2025 में दशहरा उसी दिन पड़ रहा है। इसलिए, हमने नौ अक्टूबर को गोपबंधु जयंती पर महीने भर की यात्रा की शुरुआत करने का फैसला किया है।’
गोपबंधु दास एक स्वतंत्रता सेनानी, सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद थे, जो ओडिशा के पुरी जिले के रहने वाले थे। पार्टी की एक अन्य वरिष्ठ नेता प्रमिला मलिक ने कहा कि बीजद नेता और सदस्य लोगों के बीच कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भाजपा नीत सरकार की विफलताओं के बारे में जागरूकता पैदा करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया, ‘अपने 15 महीने के शासन के दौरान, सरकार योजनाओं के नाम बदलने और सरकारी इमारतों को भगवा रंग से रंगने में व्यस्त रही।’ उन्होंने दावा किया कि शराब मुक्त ओडिशा बनाने का भाजपा का नारा अब एक तमाशा बन गया है।
मलिक ने दावा किया, ‘बीजद सरकार द्वारा शुरू की गई स्वास्थ्य योजना, बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना (बीएसकेवाई) राज्य के लोगों के लिए बहुत फायदेमंद थी। लेकिन, भाजपा नीत सरकार द्वारा आयुष्मान भारत योजना शुरू किए जाने के बाद, लोग राज्य में मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।’ उन्होंने आरोप लगाया कि ओडिशा को शराब और नशीले पदार्थों से मुक्त करने के वादे के बावजूद भाजपा नीत सरकार ‘अब शराब की 70 नयी दुकानें और दो शराब फैक्टरी खोल रही है।’’ मलिक ने कहा, ‘राज्य में किसान आज खाद की कमी के कारण सड़कों पर हैं। सरकार ने पंचायत स्तर पर निर्वाचित प्रतिनिधियों की शक्तियों को कम करके लोकतंत्र की हत्या की है। बीजद राज्य में भाजपा सरकार के खिलाफ यात्राओं के माध्यम से अपना विरोध तेज करेगा।’
Similar Post
-
ममता बनर्जी ने माकपा के बुद्धदेव भट्टाचार्य की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की
कोलकाता, रविवार, 01 मार्च 2026। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममत ...
-
तेजस्वी के राज्यसभा चुनाव लड़ने की अटकलों के बीच लालू ने रविवार को राजद की बैठक बुलाई
पटना, रविवार, 01 मार्च 2026। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्व ...
-
जम्मू कश्मीर के डोडा में भूकंप के झटके
जम्मू, रविवार, 01 मार्च 2026। जम्मू कश्मीर के पर्वतीय जिले डोडा ...
