सीआईडी को सबूत कब दे रहे हैं आप : राहुल ने मुख्य चुनाव आयुक्त से पूछा
नई दिल्ली, बुधवार, 24 सितंबर 2025। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को दावा किया कि उनके द्वारा मामला उठाए जाने के बाद ही निर्वाचन आयोग ने ‘‘वोट चोरी’’ पर रोक लगाई है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से पूछा कि वह आलंद में मतदाताओं के नाम ‘‘हटाने’’ के बारे में कर्नाटक सीआईडी को सबूत कब उपलब्ध कराएंगे। लोकसभा में विपक्ष के नेता मीडिया में आयी उन खबरों का जिक्र कर रहे थे कि निर्वाचन आयोग ने एक नया ‘ई-हस्ताक्षर’ फीचर शुरू किया है, जिसके तहत मतदाता का नाम जोड़ने या हटाने के लिए आधार आधारित सत्यापन की आवश्यकता होगी।
राहुल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में पूछा, ‘‘ज्ञानेश जी, हमने चोरी पकड़ी तब आपको ताला लगाना याद आया- अब चोरों को भी पकड़ेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘तो बताइए, सीआईडी को सबूत कब दे रहे हैं आप?’’ राहुल गांधी ने पहले दावा किया था कि कर्नाटक के आलंद विधानसभा क्षेत्र में कई वोट हटाने की कोशिश की गई थी, जिसके बाद राज्य के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने एक प्राथमिकी दर्ज की और अब ‘‘वोट चोरी’’ की जांच कर रहा है।
इससे पहले, एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने दावा किया था कि कथित तौर पर एक सॉफ्टवेयर के माध्यम से आलंद में कई वोटों को हटाने की कोशिश की गई थी, लेकिन सीआईडी ने इसका पता लगा लिया और चुनाव में ‘‘धोखाधड़ी’’ को रोक दिया। राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त से आग्रह किया था कि वह ‘‘वोट धोखाधड़ी’’ के पीछे के लोगों का ब्यौरा उपलब्ध कराएं, ताकि सीआईडी दोषियों को पकड़ सके। हालांकि, चुनाव आयोग के अधिकारियों ने कहा कि सत्यापन प्रणाली आलंद विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विवाद के जवाब में शुरू नहीं की गयी है जैसा कि राहुल गांधी ने कहा है।
Similar Post
-
लिकटेंस्टाइन के युवराज एलोइस रविवार से भारत की चार दिवसीय यात्रा पर रहेंगे
नई दिल्ली, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। लिकटेंस्टाइन के युवराज एलोइ ...
-
चक्रवात के पूर्वानुमान के मुद्देनजर राष्ट्रपति मुर्मू का ओडिशा का दो दिवसीय दौरा स्थगित
भुवनेश्वर, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। ओडिशा में अगले सप्ताह चक्रव ...
-
कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले के कुछ हिस्सों में कम तीव्रता का भूकंप
चिक्कबल्लापुर (कर्नाटक), शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। कर्नाटक के चि ...
