अगले सप्ताह दो दिन की यात्रा पर मोरक्को जायेंगे राजनाथ
नई दिल्ली, शनिवार, 20 सितंबर 2025। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मोरक्को के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री अब्देलतीफ लौदियी के निमंत्रण पर 22 सितंबर को मोरक्को की दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। यह किसी भारतीय रक्षा मंत्री की उत्तरी अफ्रीकी राष्ट्र की पहली यात्रा होगी जो भारत और मोरक्को के बीच बढ़ते रणनीतिक सहयोग के महत्व को दर्शाती है। रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स मोरक्को के बेरेचिड में व्हील्ड आर्मर्ड प्लेटफॉर्म के लिए नए विनिर्माण संयंत्र का उद्घाटन इस यात्रा का एक प्रमुख आकर्षण होगा। यह संयंत्र अफ्रीका में पहला भारतीय रक्षा विनिर्माण संयंत्र है। यह आत्मनिर्भर भारत पहल के तहत भारत के रक्षा उद्योग की बढ़ती वैश्विक उपस्थिति को दर्शाता है।
यात्रा के दौरान रक्षा मंत्री रक्षा, रणनीतिक और उद्योग सहयोग को मजबूत बनाने के लिए श्री लौदियी के साथ एक द्विपक्षीय बैठक करेंगे। वह औद्योगिक सहयोग के अवसरों का पता लगाने के लिए मोरक्को के उद्योग और व्यापार मंत्री रियाद मेज़ूर से भी मुलाकात करेंगे। श्री सिंह रबात में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मिलेंगे। दोनों पक्षों द्वारा रक्षा क्षेत्र में सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाने की भी उम्मीद है। यह समझौता ज्ञापन आदान-प्रदान, प्रशिक्षण और औद्योगिक संबंधों सहित द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को विस्तारित और गहन करने के लिए एक संस्थागत ढाँचा प्रदान करेगा। हाल के वर्षों में भारतीय नौसेना के पोत नियमित रूप से कैसाब्लांका बंदरगाह पर रुकते रहे हैं और यह समझौता इन संबंधों को और मजबूत करेगा। मोरक्को के राजा मोहम्मद की 2015 में भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद से भारत और मोरक्को के बीच संबंधों में तेज़ी आई है। आगामी यात्रा से इस साझेदारी में विशेष रूप से रक्षा और रणनीतिक क्षेत्रों में नई ऊर्जा आने की उम्मीद है।
Similar Post
-
रामलिंगा रेड्डी का इस्तीफा स्वीकार नहीं करूंगा : मुख्यमंत्री शिवकुमार
बेंगलुरु, शनिवार, 06 जून 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिव ...
-
नीट के आयोजन में प्रौद्योगिकी और एआई का इस्तेमाल किया गया होता तो यह स्थिति पैदा न होती: पवार
पुणे, शनिवार, 06 जून 2026। राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा- ...
-
राज्यसभा चुनाव: झामुमो ने पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बनाया
रांची, शनिवार, 06 जून 2026। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज् ...
