रूसी सेना में भारतीयों की भर्ती की प्रथा बंद की जाए: भारत ने रूस से कहा
नई दिल्ली, गुरुवार, 11 सितंबर 2025। भारत ने बृहस्पतिवार को रूस से मांग की कि वह रूसी सेना में भारतीय नागरिकों को सहायक कर्मचारियों के रूप में भर्ती करने की अपनी प्रथा को समाप्त करे। रूसी सेना द्वारा भारतीयों की ताजा भर्ती की खबरों के बाद, भारत ने रूसी सशस्त्र बलों में वर्तमान में सेवारत सभी भारतीयों को भी कार्यमुक्त करने की मांग की। भारत ने अपने नागरिकों को अंतर्निहित ‘जोखिमों और खतरों’ के मद्देनजर रूसी सेना में शामिल होने के प्रस्तावों को स्वीकार न करने के लिए भी आगाह किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘‘हमने हाल में रूसी सेना में भारतीय नागरिकों की भर्ती की खबरें देखी हैं। सरकार ने पिछले एक साल में कई मौकों पर इस तरह की कार्रवाई में निहित जोखिमों और खतरों को रेखांकित किया है और भारतीय नागरिकों को तदनुसार आगाह किया है।’’ जायसवाल इस मुद्दे पर मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने दिल्ली और मॉस्को दोनों जगहों पर रूसी अधिकारियों के साथ भी इस मामले को उठाया है और अनुरोध किया है कि इस प्रथा को समाप्त किया जाए और हमारे नागरिकों को कार्यमुक्त किया जाए। हम प्रभावित भारतीय नागरिकों के परिवारों के संपर्क में भी हैं।’’ जायसवाल ने कहा, ‘‘हम एक बार फिर सभी भारतीय नागरिकों से रूसी सेना में शामिल होने के किसी भी प्रस्ताव से दूर रहने का पुरजोर आग्रह करते हैं क्योंकि यह खतरों से भरा रास्ता है।’’ भारत बार-बार रूस से रूसी सैन्य इकाइयों में रसोइये और सहायक जैसे कर्मचारियों के रूप में कार्यरत सभी भारतीयों को कार्यमुक्त करने का अनुरोध करता रहा है। पिछले साल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी अपनी रूस यात्रा के दौरान यह मुद्दा उठाया था।
Similar Post
-
रामलिंगा रेड्डी का इस्तीफा स्वीकार नहीं करूंगा : मुख्यमंत्री शिवकुमार
बेंगलुरु, शनिवार, 06 जून 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिव ...
-
नीट के आयोजन में प्रौद्योगिकी और एआई का इस्तेमाल किया गया होता तो यह स्थिति पैदा न होती: पवार
पुणे, शनिवार, 06 जून 2026। राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा- ...
-
राज्यसभा चुनाव: झामुमो ने पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बनाया
रांची, शनिवार, 06 जून 2026। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज् ...
