उपराज्यपाल, उमर ने कुलगाम मुठभेड़ में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी
श्रीनगर, मंगलवार, 09 सितंबर 2025। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कुलगाम जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए दो जवानों को मंगलवार को श्रद्धांजलि अर्पित की। सूबेदार प्रभात गौड़ और लांस नायक नरेंद्र सिंधु सोमवार को आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने कुलगाम में शहीद हुए दो बहादुर सैनिकों को आज श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके अनुकरणीय साहस, अनुपम शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को सदैव सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।’’ वहीं उपराज्यपाल सिन्हा ने कहा कि दोनों सैनिकों की वीरता और अदम्य साहस को हमेशा याद रखा जाएगा। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ उपराज्यपाल ने कुलगाम में आतंकवादियों के खिलाफ जारी अभियानों में सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुर सैन्य कर्मियों सूबेदार प्रभात गौड़ और लेफ्टिनेंट कर्नल नरेंद्र सिंधु को श्रद्धांजलि अर्पित की।’’
उपराज्यपाल ने एक बयान में कहा,‘‘मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। इस कठिन घड़ी में राष्ट्र उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।’’ दक्षिण कश्मीर के कुलगाम ज़िले में सोमवार को एक भीषण मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए, जिनमें से एक पाकिस्तानी नागरिक माना जा रहा है। सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी के आधार पर कुलगाम के गुडार वन क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया जो मुठभेड़ में तब्दील हो गया। इस अभियान के दौरान दो सैनिक शहीद हो गए, जबकि सेना का एक मेजर घायल हो गया।
Similar Post
-
रामलिंगा रेड्डी का इस्तीफा स्वीकार नहीं करूंगा : मुख्यमंत्री शिवकुमार
बेंगलुरु, शनिवार, 06 जून 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिव ...
-
नीट के आयोजन में प्रौद्योगिकी और एआई का इस्तेमाल किया गया होता तो यह स्थिति पैदा न होती: पवार
पुणे, शनिवार, 06 जून 2026। राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा- ...
-
राज्यसभा चुनाव: झामुमो ने पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बनाया
रांची, शनिवार, 06 जून 2026। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज् ...
