इंदौर पुलिस ने एक करोड़ रुपये की ‘ब्राउन शुगर’, 48.50 लाख रु. बरामद कर महिला तस्कर को गिरफ्तार किया
इंदौर (मध्यप्रदेश), सोमवार, 25 अगस्त 2025। इंदौर में पुलिस ने करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की ‘ब्राउन शुगर’ और 48.50 लाख रुपये बरामद कर सोमवार को 32 वर्षीय महिला तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अपराध निरोधक शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश कुमार त्रिपाठी ने संवाददाताओं को बताया कि नशीले पदार्थों की तस्कर की पहचान सीमा नाथ (32) के रूप में हुई है। त्रिपाठी ने बताया कि पिछले कई साल से नशीले पदार्थों का कारोबार कर रही नाथ के अहीरखेड़ी स्थित घर से 516 ग्राम ‘ब्राउन शुगर’ बरामद की गई जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
डीसीपी ने बताया कि नाथ के घर से 48.50 लाख रुपये और इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा भी बरामद किया गया जिसका इस्तेमाल नशीले पदार्थों के तय वजन के पैकेट तैयार करने में किया जाता था। त्रिपाठी ने बताया, ‘‘मौके से मिले सबूत साफ इशारा करते हैं कि महिला तस्कर ने नशीले पदार्थ बेचकर बड़ी रकम कमाई है।’’ डीसीपी ने बताया कि नाथ के खिलाफ स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करके विस्तृत जांच जारी है। उन्होंने बताया कि अलग-अलग आपराधिक घटनाओं को लेकर महिला तस्कर पर 12 प्राथमिकियां पहले से दर्ज हैं।
Similar Post
-
जम्मू कश्मीर विधानसभा में विरोध प्रदर्शन कर रहे चार विधायकों को सदन से बाहर निकाला गया
श्रीनगर, सोमवार, 29 सितंबर 2026। जम्मू कश्मीर विधानसभा में मुख् ...
-
जम्मू-कश्मीर में वाहन नदी में गिरा, चार लोगों की मौत
श्रीनगर, सोमवार, 29 सितंबर 2026। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले ...
-
असम में दो करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, एक गिरफ्तार
गुवाहाटी, सोमवार, 29 सितंबर 2026। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश् ...
