रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू के अस्पताल में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की
जम्मू, रविवार, 24 अगस्त 2025। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को यहां सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज करा रहे कुछ पीड़ितों से मुलाकात के बाद कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के एक सुदूर गांव में हाल में बादल फटने की घटना को लेकर बहुत चिंतित हैं। सिंह ने घायलों के उपचार पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी योजना बादल फटने से प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने की थी लेकिन वह खराब मौसम और मार्ग में ताजा भूस्खलन के कारण उक्त दौरा नहीं कर पाये। रक्षा मंत्री सिंह के साथ केंद्रीय मंत्री एवं उधमपुर के सांसद जितेंद्र सिंह और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी थे। दिल्ली से यहां पहुंचने के बाद रक्षा मंत्री सीधे अस्पताल पहुंचे और वहां इलाज करा रहे 16 लोगों से मुलाकात की। चिकित्सकों की एक टीम ने उन्हें मरीजों की स्थिति के बारे में जानकारी दी।
चौदह अगस्त को मचैल माता मंदिर के रास्ते में पड़ने वाले गांव चिसोटी में बादल फटने से 65 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग घायल हो गए। तब से लापता 32 लोगों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। अस्पताल से राजभवन रवाना होने से पहले पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में सिंह ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री बेहद चिंतित हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। मैंने घटनास्थल का दौरा करने की योजना बनाई थी, लेकिन खराब मौसम और भूस्खलन (पथर्नकी में) के कारण ऐसा नहीं हो सका...। अब हम राजभवन जा रहे हैं जहां हम वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए (प्रभावित) लोगों से बात करेंगे।’’ घटना के बाद अस्पताल में भर्ती लोगों की बेहतर देखभाल के लिए चिकित्सकों की सराहना करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि घायलों का स्वास्थ्य संतोषजनक है।
Similar Post
-
बंगाल में कोविड के दौरान पीएम केयर्स के तहत लगाए गए ऑक्सीजन संयंत्र बंद, वेंटिलेटर भी बेकार: कैग
कोलकाता, रविवार, 26 जुलाई 2026। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (क ...
-
दक्षिण दिल्ली में झगड़े के दौरान कथित हमले में फेरीवाले की मौत, आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, रविवार, 26 जुलाई 2026। दक्षिण दिल्ली के एम्स मेट्रो स ...
-
नीट आंदोलन की सफलता में युवाओं और विपक्ष की एकजुटता की अहम भूमिका : मुरलीधरन
तिरुवनंतपुरम, रविवार, 26 जुलाई 2026। केरल के स्वास्थ्य मंत्री क ...
