राजग को उपराष्ट्रपति चुनाव में संख्याबल पर भरोसा नहीं, इसलिए विपक्ष से संपर्क कर रहा: राउत

img

मुंबई, बुधवार, 20 अगस्त 2025। शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने बुधवार को दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्षी दलों से संपर्क कर रहे हैं, क्योंकि सत्तारूढ़ गठबंधन अपने बहुमत को लेकर आश्वस्त नहीं है। राउत ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में यह भी कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) की संख्यात्मक ताकत बहुत कम नहीं है। उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राजग के प्रत्याशी सीपी राधाकृष्णन के खिलाफ विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार हैं।

राउत ने कहा, ‘‘राजग के पास (संसद में) बहुमत है... फिर भी, सत्तारूढ़ पक्ष के वरिष्ठ नेताओं ने ‘इंडिया’ के नेताओं से संपर्क किया और उनसे राधाकृष्णन को वोट देने का अनुरोध किया।’’ राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘यदि आपके पास बहुमत है, तो आपको ‘इंडिया’ के घटक दलों से संपर्क करने की आवश्यकता क्यों महसूस होती है? ऐसा इसलिए है क्योंकि आपका बहुमत अस्थिर है।’’ राउत ने कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन को महाराष्ट्र के राज्यपाल राधाकृष्णन को अपना उम्मीदवार चुनने से पहले विपक्ष से संपर्क करना चाहिए था। उन्होंने संकेत दिया कि वह सर्वसम्मति से चुने जाने वाले व्यक्ति नहीं हो सकते थे।

राउत ने कहा, ‘‘जब (राधाकृष्णन) वह झारखंड के राज्यपाल थे, तब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को राजभवन के अंदर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया था। उन्होंने (राधाकृष्णन) तब किसी भी संवैधानिक मानदंडों का पालन नहीं किया था।’’ राज्यसभा सदस्य ने कहा कि राधाकृष्णन ने ईडी अधिकारियों से यह नहीं कहा था कि वे जो कर रहे हैं, वह असंवैधानिक है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी लड़ाई इस तरह की तानाशाही और इसका समर्थन करने वालों के खिलाफ है।’’ उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव नौ सितंबर को होगा।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement