दिल्ली की मुख्यमंत्री गुप्ता ने लड़कियों के लिए ‘तिरंगा साइक्लोथॉन’ को विधानसभा से हरी झंडी दिखाई

img

नई दिल्ली, मंगलवार, 12 अगस्त 2025। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित दिल्ली विधानसभा से राजघाट तक लड़कियों के लिए ‘तिरंगा साइक्लोथॉन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज की असली महिमा तब साकार होगी जब लड़कियों को पूर्ण स्वतंत्रता प्राप्त होगी और उनकी सरकार उनके बेहतर भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस ‘साइक्लोथॉन’ को मुख्यमंत्री गुप्ता ने दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

\इस बीच, केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की ‘हर घर तिरंगा बाइक रैली’ को केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू, केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, मुख्यमंत्री गुप्ता और कई सांसदों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री गुप्ता ने ‘बाइक रैली’ में कहा, ‘‘क्या आपने 2014 से पहले कभी देखा है कि कोई प्रधानमंत्री हाथों में तिरंगा थामे लोगों का नेतृत्व कर रहा हो? नेताओं ने आजादी से पहले ही तिरंगा छोड़ दिया था। आज, जो लोग संविधान की प्रति अपनी जेब में रखते हैं, उनके हाथों में तिरंगा नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ये वही लोग हैं जो दावा करते थे कि उन्होंने देश को आज़ाद करवाया, लेकिन आज वही लोग देश की अखंडता में विश्वास नहीं रखते।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारा जीवन इसी तिरंगे पर टिका है और इसके तीन रंग देश की समृद्धि के प्रतीक हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हर भारतीय चाहता है कि हमारा तिरंगा ऊंचा और अमर रहे। इस तिरंगा यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ के नारों से आसमान गुंजायमान है।’’ उन्होंने कहा कि सांसदों से लेकर हमारे वीर सैनिकों तक, हर कोई अपनी देशभक्ति का इजहार कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आजादी के 78 साल बाद भी देश के प्रति हमारा प्यार हर गुजरते साल के साथ लगातार बढ़ रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस राष्ट्रीय पर्व को घर-घर पहुंचाने के लिए धन्यवाद देती हूं।’’ सूद ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस को एक लंबे सप्ताहांत की तरह नहीं लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘हमें अपने अपने घरों और मोहल्ले को साफ रखने में योगदान देना चाहिए।’’ भारत 15 अगस्त को अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement