ओडिशा के पुरी में बीजद के बंद से जनजीवन आंशिक रूप से प्रभावित
पुरी (ओडिशा), गुरुवार, 07 अगस्त 2025। ओडिशा के बलंगा इलाके में आग में झुलसकर जान गंवाने वाली 15 वर्षीय लड़की के लिए न्याय की मांग को लेकर बीजू जनता दल (बीजद) के छह घंटे के बंद से बृहस्पतिवार को पुरी जिले में जनजीवन आंशिक रूप से प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम किया और टायर जलाए, मामले में पुलिस जांच पर सवाल उठाए तथा लोगों से राज्य में ‘‘महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराध’’ के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया। पुरी से विधायक सुनील मोहंती ने कहा कि बंद का आयोजन सुबह छह बजे से दोपहर तक किया जाएगा।
बैनर, तख्तियां लिए हुए बंद समर्थकों ने शंखनाद किया जो बीजद का पार्टी चिह्न है। प्रदर्शनकारियों ने दुकान मालिकों से व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद करने का आग्रह किया। लड़की की मां ने आरोप लगाया था कि 19 जुलाई को उसके घर के पास भार्गवी नदी के किनारे तीन अज्ञात लोगों ने नाबालिग को आग लगा दी थी। दो अगस्त को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। ओडिशा पुलिस ने हालांकि दावा किया कि इस घटना में कोई और शामिल नहीं था। लेकिन विपक्षी पार्टी दल बीजद और कांग्रेस ने पुलिस के इस दावे पर सवाल उठाए हैं।
वहीं लड़की के पिता ने कहा कि उनकी बेटी ने मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या की। बीजद नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है। बीजद पुरी जिला अध्यक्ष उमाकांत सामंत्रे ने आरोप लगाया, ‘‘लड़की की मां ने 19 जुलाई को बलंगा थाने में दर्ज कराई गई अपनी प्राथमिकी में आरोप लगाया था कि तीन लोगों ने उसकी बेटी को मारने के इरादे से उसे आग के हवाले कर दिया। लेकिन बाद में उसके पिता ने दावा किया कि लड़की ने आत्महत्या की है। यह विरोधाभासी है और ऐसा लगता है कि दबाव के बाद परिवार ने अपना बयान बदल दिया।’’
पुरी से विधायक मोहंती ने आरोप लगाया, ‘‘हमने बंद का आयोजन लोगों को असुविधा पहुंचाने के लिए नहीं बल्कि जागरुकता फैलाने के लिए किया है क्योंकि ओडिशा में हर दिन 15 महिलाओं और लड़कियों से बलात्कार हो रहा है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार अब भी सोई हुई है।’’ मोहंती ने कहा कि भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को ले जाने वाले निजी वाहनों को आवागमन की अनुमति दी गई है और आवश्यक सेवाएं अप्रभावित रहीं। बीजद ने घोषणा की कि वह पूरे राज्य में आंदोलन तेज करेगा।
Similar Post
-
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने नशा-मुक्त भारत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया
बेंगलुरु, रविवार, 28 जून 2026। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन न ...
-
इटावा में शिव मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद, मैं अयोध्या जाऊंगा: अखिलेश
प्रयागराज (उप्र), रविवार, 28 जून 2026। समाजवादी पार्टी (सपा) के रा ...
-
उद्धव ने बागी सांसदों को अयोग्य ठहराने की मांग की, कहा- दल-बदल एक बड़ी साजिश का हिस्सा
परभणी, रविवार, 28 जून 2026। शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने ...
