दिवंगत सदस्य शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के बाद राज्यसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित

img

नई दिल्ली, सोमवार, 04 अगस्त 2025। राज्यसभा ने सोमवार को अपने मौजूदा सदस्य और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि दिये जाने के बाद सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गयी। उप सभापति हरिवंश ने सदस्यों को बताया कि उन्हें बड़े दुख के साथ सदस्योंं को यह सूचित करना पड़ रहा है कि सदन के मौजूदा सदस्य श्री शिबू सोरेन का आज निधन हो गया। उन्होंने कहा कि श्री सोरेन जाने-माने सामाजिक तथा विशिष्ट आदिवासी नेता थे। आम लोगों में उन्हें दिशोम गुरूजी के नाम से जाना जाता था। उन्होंंने आजीवन वंचितों के कल्याण के लिए काम किया। वह आठ बार लोकसभा तथा तीन बार राज्यसभा के सदस्य रहे। इसके अलावा वह केन्द्र सरकार में कोयला मंत्री भी रहे। उन्होंने संसद में सामाजिक न्याय तथा ग्रामीण विकास जैसे विषयों पर चर्चा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उपसभापति ने कहा कि श्री सोरेन ने अलग झारखंड राज्य के गठन से संबंधित आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी और तीन बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने कहा कि श्री सोरेन के निधन से देश ने एक अनुभवी सांसद और आदिवासी अधिकारों के पैरोकार को खो दिया। उप सभापति ने कहा कि वह अपनी तथा सदन की ओर से शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। सदस्यों ने दिवंगत सदस्य के सम्मान में मौन भी रखा। इसके बाद उप सभाति ने कहा कि मौजूदा सदस्य श्री सोरेन के सम्मान में सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित की जाती है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement