बिहार मतदाता सूची पुनरीक्षण पर राज्य सभा में हंगामा, कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित
नई दिल्ली, शुक्रवार, 01 अगस्त 2025। बिहार में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) तथा कुछ अन्य मुद्दों पर तत्काल चर्चा कराने की मांग को लेकर राज्य सभा में विपक्ष ने शुक्रवार को भी पूर्वाह्न के सत्रों में हंगामा जारी रखा और सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दूसरी बार सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी। शून्य काल में पहले स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे कार्यवाही पुन: शुरू होते ही बिहार की मतदाता सूचियों की पुनरीक्षा को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी थी। पीठासीन उप-सभापति घनश्याम तिवाड़ी ने विपक्षी सदस्योंं से सदन में व्यवस्था बनाये रखने की अपील करते हुए प्रश्न काल की कार्यवाही चलने देने की अपील की।
उन्होंने इसी बीच कांग्रेस के विवेक तन्खा का नाम पुकारा और उनसे सवाल पूछने को कहा। इस दौरान अनेक विपक्षी सदस्य अपने-अपने स्थान से उठ कर पीठ के समक्ष आ गये और नारेबाजी तेज कर दी। शोर-शराबे के बीच इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव जवाब देने के लिए उठे, लेकिन सदन में विपक्ष के हंगामे और नारेबाजी के कारण कुछ स्पष्ट सुनायी नहीं दिया। व्यवस्था बनाये रखने की बार-बार अपील के बावजूद शोर-शराबा बढ़ता देख श्री तिवाड़ी ने कार्यवाही सोमवार पूर्वाह्न 11:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। इस मानसून सत्र में यह लगातार दूसरा सप्ताह है, जब राज्य सभा में शून्यकाल की कार्यवाही नहीं हो सकी और इस दौरान एक दिन को छोड़ कर प्रश्न काल का पूरा समय भी विभिन्न मुद्दों पर कामरोको प्रस्ताव को लेकर विपक्ष के हंगामे की भेंट चढ़ गया।
इससे पहले आज पूर्वाह्न कार्यवाही शुरू होते ही उप सभापति हरिवंश ने विधायी दस्तावेज सदन के पटल पर रखे जाने के बाद कहा कि उन्हें अलग-अलग दलों केे सदस्यों से विभिन्न मुद्दों पर नियम 267 के तहत कार्य स्थगन प्रस्ताव के 30 नोटिस मिले हैं। उन्होंंने बताया कि राष्ट्रीय जनता दल के प्रो़ मनोज झा, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के तिरुचि शिवा, कांग्रेस के नीरज डांगी, रजनी पाटिल तथा रेणुका चौधरी, तृणमूल कांग्रेस की सागरिका घोष और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के जॉन ब्रिटास ने बिहार में एसआईआर के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की है।
हरिवंश ने कहा कि सभी नोटिस नियमों के अनुरूप नहीं हैं और इन्हें स्वीकार नहीं किया गया है। उप सभापति ने शून्यकाल की कार्यवाही शुरू करते हुए आम आदमी पार्टी के डाॅ अशोक कुमार मित्तल का नाम पुकारा लेकिन इसी बीच विपक्षी दलोंं के सदस्य अपनी जगह से उठकर आसन के निकट आकर 'वोट चोरी बंद करो' और 'एस आईआर पर हल्ला बोल' जैसे नारे लगाने लगे।
Similar Post
-
ममता बनर्जी ने माकपा के बुद्धदेव भट्टाचार्य की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की
कोलकाता, रविवार, 01 मार्च 2026। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममत ...
-
तेजस्वी के राज्यसभा चुनाव लड़ने की अटकलों के बीच लालू ने रविवार को राजद की बैठक बुलाई
पटना, रविवार, 01 मार्च 2026। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्व ...
-
जम्मू कश्मीर के डोडा में भूकंप के झटके
जम्मू, रविवार, 01 मार्च 2026। जम्मू कश्मीर के पर्वतीय जिले डोडा ...
