बेंगलुरु-मंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग 75 पर भूस्खलन से यातायात ठप
मंगलुरु, गुरुवार, 17 जुलाई 2025। दक्षिण कन्नड़ जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण कडाबा तालुक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 75 पर भूस्खलन हो गया, जिससे बेंगलुरु और मंगलुरु के बीच वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उनके मुताबिक, भारी बारिश को देखते हुए पूरे जिले में आज स्कूल-कॉलेज भी बंद रहे। उपायुक्त कार्यालय ने बताया कि लगातार हो रही भारी वर्षा के चलते मंगलुरु-बंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग 75 पर यह भूस्खलन धर्मस्थल के पास हुआ। इसके कारण दोनों शहरों के बीच ट्रकों, लॉरियों और बसों सहित भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रुक गई। हालांकि, कारों और दोपहिया वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से जाने को कहा गया है। पुलिस अधीक्षक अरुण ने कहा, "मिट्टी को साफ करने और यातायात बहाल करने के प्रयास जारी हैं।"
लोक निर्माण विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने रास्ता खोलने के प्रयासों में तेजी लाने के लिए टीमें और मशीनें तैनात की हैं। अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर बारिश जारी रही तो पुन: भूस्खलन की आशंका है। इस बीच दक्षिण कन्नड़ जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को अधिकतर तालुकों में सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए छुट्टी की घोषणा की थी। दूसरी ओर भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान तटीय और घाट क्षेत्रों में और अधिक बारिश का पूर्वानुमान जताया है और जिले के अनेक क्षेत्रों के लिए विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है।
Similar Post
-
माकपा, कांग्रेस ने अपने पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ का आरोप लगाया
कोलकाता, गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार ...
-
मेघालय : शिलांग में ईडी के कार्यालय वाले भवन पर बाइक सवारों ने पेट्रोल बम फेंके
शिलांग, गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026। मेघालय की राजधानी शिलांग में ...
-
जम्मू-कश्मीर के बारामूला में आतंकवादियों के दो ‘ओवरग्राउंड वर्कर’ गिरफ्तार
श्रीनगर, गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026। सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर ...
