जबलपुर हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी जांच में फर्जी निकली
जबलपुर, सोमवार, 30 जून 2025। मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित डुमना हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी मिली, लेकिन जांच में यह फर्जी निकली। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डा प्रबंधन को ई-मेल के जरिए हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद उसे खाली कराकर तलाशी ली गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि रविवार को डुमना हवाई अड्डे के अधिकारियों ने सूचना दी कि उन्हें एक ई-मेल मिला है, जिसमें हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। उन्होंने कहा, ‘‘जब इसकी जांच की गई तो पता चला कि यह ई-मेल एक साथ 40-41 जगह भेजा गया था। ऐसा लगता है कि किसी बदमाश ने यह हरकत की है।” शर्मा ने बताया कि फिर भी एहतियातन हवाई अड्डे के अधिकारियों की शिकायत पर थाना खमरिया में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस), श्वान दस्ता और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के साथ खोज अभियान चलाया गया। अधिकारी ने कहा, ‘‘लेकिन ऐसी कोई चीज नहीं मिली। इसके बाद विमानों का परिचालन निर्धारित समय पर किया गया।’’ शर्मा ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति का पता लगाने का काम साइबर प्रकोष्ठ को सौंपा गया है। उन्होंने कहा, ‘‘हम सारी जानकारी जुटा रहे हैं। जल्द ही आरोपी तक पहुंचा जाएगा और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।’’ अधिकारी ने बताया कि हवाई अड्डे पर सुरक्षा के सभी उपाय किए गए हैं और स्थिति अब सामान्य है।
Similar Post
-
माकपा, कांग्रेस ने अपने पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ का आरोप लगाया
कोलकाता, गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार ...
-
मेघालय : शिलांग में ईडी के कार्यालय वाले भवन पर बाइक सवारों ने पेट्रोल बम फेंके
शिलांग, गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026। मेघालय की राजधानी शिलांग में ...
-
जम्मू-कश्मीर के बारामूला में आतंकवादियों के दो ‘ओवरग्राउंड वर्कर’ गिरफ्तार
श्रीनगर, गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026। सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर ...
