वाजपेयी ने की थी इंदिरा की तारीफ, भाजपा को उनसे सीखना चाहिए: पप्पू यादव
नई दिल्ली, बुधवार, 25 जून 2025। निर्दलीय लोकसभा सदस्य राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने आपातकाल के विषय को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और कहा कि सत्तारूढ़ दल को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से लोकतांत्रिक मूल्यों के बारे में सीखना चाहिए, जिन्होंने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तारीफ की थी। बिहार के पूर्णिया से सांसद ने यह दावा भी किया कि वर्तमान सरकार में सभी संवैधानिक संस्थाओं को खत्म किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘सारी संस्थाओं के मूल्यों को खत्म किया जा रहा है। उच्चतम न्यायालय के पांच न्यायाधीशों ने संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि अघोषित आपातकाल है। ईडी, सीबीआई, चुनाव आयोग, सब भाजपा का दफ्तर बनकर रह गया है। सारी शैक्षणिक संस्थाओं में आरएसएस के लोग बैठ गए हैं।’’ यादव ने कहा, ‘‘आपने (सरकार ने) कहा था कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद आतंकवाद खत्म हो जाएगा, नोटबंदी से आतंकवाद की कमर टूट जाएगी। लेकिन क्या हुआ? आतंकवादी हमले बढ़ गए हैं।’’
उनके मुताबिक, युवाओं को बताना होगा कि अंग्रेजों से माफी किसने मांगी और आजादी आंदोलन के साथ विश्वासघात किसने किया था। यादव ने कहा, ‘‘आपातकाल एक राजनीतिक प्रक्रिया थी, जिसमें कहीं गलती या भूल हुई और इसे स्वीकार भी किया गया। लेकिन आपातकाल के कुछ साल बाद हुए चुनाव में जनता ने इंदिरा गांधी को बड़ा जनादेश दिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम तो कहेंगे कि आप (भाजपा) अटल जी से लोकतांत्रिक मूल्यों के बारे में सीखिए, जिन्होंने इंदिरा जी को दुर्गा की उपाधि दी थी और कहा था कि हमें उन पर गर्व है।’’
Similar Post
-
ममता बनर्जी ने माकपा के बुद्धदेव भट्टाचार्य की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की
कोलकाता, रविवार, 01 मार्च 2026। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममत ...
-
तेजस्वी के राज्यसभा चुनाव लड़ने की अटकलों के बीच लालू ने रविवार को राजद की बैठक बुलाई
पटना, रविवार, 01 मार्च 2026। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्व ...
-
जम्मू कश्मीर के डोडा में भूकंप के झटके
जम्मू, रविवार, 01 मार्च 2026। जम्मू कश्मीर के पर्वतीय जिले डोडा ...
