दिल्ली में होगा व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन : रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, बुधवार, 25 जून 2025। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि दिल्ली के व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए दिल्ली व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन किया जाएगा। श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस बोर्ड के गठन की मांग दिल्ली के कारोबारी लंबे समय से कर रहे थे। इस प्रस्ताव को मंगलवार को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई थी। उन्होंने कहा कि इस बोर्ड के गठन की घोषणा उन्होंने अपने बजट भाषण में भी की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक वैधानिक निकाय होगा। व्यापार जगत से जुड़े लोग जो वर्षों से समस्याओं का सामना कर रहे थे उसका समाधान करना इस बोर्ड का उद्देश्य होगा। यह बोर्ड व्यापारियों की सामाजिक सुरक्षा के साथ साथ वित्तीय सहायता भी देगा। अभी तक व्यापारियों की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने के लिए कोई विशेष प्लेटफाॅर्म नहीं था। अब यह बोर्ड सरकार और व्यापारियों के बीच एक मजबूत चैनल के रूप में काम करेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार ने व्यापारियों के कल्याण के लिए 10 करोड़ रुपये का फंड भी आवंटित किया है। उद्योग मंत्री इस बोर्ड के चेयरमैन होंगे। इसके अलावा इसमें कुल 15 सदस्य होंगे जिनमें नौ लोग व्यापार जगत से जुड़े होंगे और छह अधिकारी सदस्य के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली के करीब आठ लाख व्यापारियों को इस बोर्ड से सीधा लाभ मिलेगा। सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और यह बोर्ड व्यापारियों की समस्याओं के समाधान में अहम भूमिका निभाएगा। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के व्यापारी अब अकेले नहीं है। सरकार उनके साथ खड़ी है। कारोबार एक बोझ नहीं बल्कि व्यापार के माध्यम से उनसे राष्ट्र निर्माण में सहयोग मिलता है। उन्होंने कहा, 'दिल्ली के सभी व्यापारियों को बधाई देती हूं कि वे अब सरकार का हिस्सा बनकर नीतिगत फैसला कर पायेंगे।
Similar Post
-
नड्डा के बयान पर सिब्बल का हमला, बोले- 'कितना अहंकार है'
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल न ...
-
कॉजपा प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की बर्बरता से जुड़ी याचिका पर तत्काल सुनवाई से अदालत का इनकार
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। दिल्ली उच्च न्यायालय ने 'कॉक ...
-
भारत ने डेंगू के अपने पहले टीके को मंजूरी दी
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। सरकार ने मंगलवार को कहा कि टाक ...
