सीबीआई ने मेइती संगठन अरामबाई तेंगगोल के सदस्य को इंफाल हवाई अड्डे से किया गिरफ्तार
नई दिल्ली, रविवार, 08 जून 2025। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मणिपुर में 2023 में हुई हिंसा से संबंधित विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में कथित संलिप्तता के लिए रविवार को मेइती संगठन अरामबाई तेंगगोल (एटी) के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कानन सिंह को सीबीआई ने इंफाल हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि उसे तुरंत गुवाहाटी ले जाया गया, जहां उसे पुलिस रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जाएगा। सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘सिंह की गिरफ्तारी से संबंधित जानकारी उसके परिवार के सदस्यों को दे दी गई है।’
सीबीआई उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार मणिपुर जातीय हिंसा से संबंधित मामलों की जांच कर रही है। प्रवक्ता ने कहा, ‘मणिपुर में कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए मणिपुर हिंसा मामलों की सुनवाई मणिपुर से गुवाहाटी स्थानांतरित कर दी गई है।’ शनिवार को एटी के सदस्य सिंह की गिरफ्तारी की खबरें फैलने के बाद राज्य की राजधानी इंफाल में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सीबीआई के बयान में स्पष्ट किया गया कि सिंह को रविवार को इम्फाल हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया।
एहतियाती उपाय के तौर पर प्रशासन ने इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, बिष्णुपुर और काकचिंग जिलों में निषेधाज्ञा लगाई है, जबकि इन घाटी क्षेत्रों में वीसैट और वीपीएन सुविधाओं सहित इंटरनेट और मोबाइल-डेटा सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। प्रदर्शनकारियों ने मेइती नेता की रिहाई की मांग करते हुए क्वाकेथेल और उरीपोक में सड़कों पर टायर और पुराने फर्नीचर जला दिए। शनिवार रात को राज्य की राजधानी में अलग-अलग जगहों पर सुरक्षा बलों के साथ प्रदर्शनकारियों की झड़प हुई। भीड़ ने इंफाल पूर्व जिले के खुरई लामलोंग में एक बस को आग के हवाले कर दिया।
Similar Post
-
नारायणन ने इसरो के निजीकरण को लेकर जताई जा रही चिंताओं को खारिज किया
बेंगलुरु, सोमवार, 07 सितंबर 2026। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संग ...
-
सीतारमण ने आईएमएफ के उप प्रबंध निदेशक से मुलाकात की, वैश्विक आर्थिक परिदृश्य पर चर्चा
नई दिल्ली, सोमवार, 07 सितंबर 2026। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ...
-
बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित कर 5,000 करोड़ रुपये की सहायता दे केंद्र : तेजस्वी
पटना, सोमवार, 07 सितंबर 2026। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ...
