एनआईए ने जबरन वसूली में संलिप्तता के लिए तीन नक्सलियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया
नई दिल्ली, शनिवार, 31 मई 2025। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने झारखंड में तीन नक्सलियों के खिलाफ प्रतिबंधित संगठन में लोगों की जबरन भर्ती और वसूली में कथित रूप से शामिल होने के लिए आरोपपत्र दाखिल किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झारखंड के रांची में एक विशेष अदालत के समक्ष शुक्रवार को दाखिल पूरक आरोपपत्र में एनआईए ने कृष्णा हांसदा उर्फ सौरव दा उर्फ अविनाश दा, अभिजीत कोरा उर्फ मतला कोरा उर्फ सुनील कोरा और रामदयाल महतो उर्फ नीलेश दा उर्फ बच्चन दा पर 2023 के भाकपा (माओवादी) साजिश मामले में शामिल होने का आरोप लगाया है।
उन्होंने बताया कि हांसदा प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) का क्षेत्रीय समिति सदस्य था, कोरा उसके सशस्त्र कार्यकर्ताओं में से एक था और महतो उसका विशेष क्षेत्र समिति सदस्य था। जांच एजेंसी ने एक बयान में कहा कि कोरा बिहार का रहने वाला है, जबकि अन्य दो झारखंड के मूल निवासी हैं। बयान में कहा गया, ‘‘ये तीनों प्रतिबंधित नक्सली संगठन के सक्रिय सदस्य पाए गए तथा झारखंड के गिरिडीह जिले के पारसनाथ क्षेत्र में वसूली, धमकी और जबरन भर्ती से जुड़ी इसकी बड़ी साजिश का हिस्सा थे।’’
जनवरी 2023 में गिरिडीह जिले के डुमरी थाना अंतर्गत लुसियो वन क्षेत्र से कृष्णा हांसदा की गिरफ्तारी के साथ उनकी भूमिका उजागर हुई। एनआईए ने कहा, ‘‘स्थानीय पुलिस ने उसके पास से जबरन वसूली की रकम, 7.65 एमएम बोर की एक पिस्तौल और कई दस्तावेज बरामद किए थे।’’ जब्ती के बाद पुलिस ने हांसदा, कोरा, महतो और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और हांसदा के खिलाफ आरोपपत्र भी दाखिल किया। एनआईए ने मामले को अपने हाथ में लिया और जून 2023 में इसे फिर से पंजीकृत किया।
Similar Post
-
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने 12 उपाध्यक्षों और 27 महासचिवों की नियुक्ति की
नई दिल्ली, रविवार, 29 मार्च 2026। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जु ...
-
ओडिशा: रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हवा में गोली चलाने के आरोप में भाजपा विधायक के खिलाफ मामला दर्ज
भुवनेश्वर, रविवार, 29 मार्च 2026। ओडिशा के बोलांगीर जिले के टिट ...
-
हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश से तापमान में गिरावट
चंडीगढ़, रविवार, 29 मार्च 2026। पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों ...
