दिल्ली की मुख्यमंत्री ने सरकार के 100 दिन पूरे होने पर उपलब्धि पुस्तिका जारी की
नई दिल्ली, शुक्रवार, 30 मई 2025। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय राजधानी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार के शुक्रवार को 100 दिन पूरे होने पर उसकी उपलब्धियों के संबंध में एक ‘कार्य- पुस्तिका’ जारी की। गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार चौबीसों घंटे लोगों की सेवा के लिए समर्पित है। उन्होंने अपनी टीम के सभी मंत्रियों और कर्मियों को उनके काम के लिए बधाई दी। भाजपा नीत सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री ने उसकी उपलब्धियों को पेश करने वाली कार्य पुस्तिका जारी किए जाने की घोषणा की।
उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘यह कोई रिपोर्ट कार्ड नहीं, बल्कि कार्यपुस्तिका है। सरकार द्वारा किए गए सभी काम इसमें जोड़े जाते रहेंगे।’’ उन्होंने कहा कि पिछले 100 दिन की उपलब्धियों के बारे में लोगों को जानकारी देने के लिए केंद्र सरकार के मंत्री अन्य मंत्रियों और पार्षदों के साथ 70 विधानसभा क्षेत्रों में से प्रत्येक का दौरा करेंगे। गुप्ता ने कहा, ‘‘हम न केवल अपनी उपलब्धियों का ब्यौरा देंगे, बल्कि लोगों से उन कामों पर भी राय मांगेंगे, जिन्हें आने वाले दिनों में किए जाने की आवश्यकता है।’’ मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि शनिवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एक कार्यक्रम में लोगों को पिछले 100 दिन की सरकार की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
गुप्ता ने आम आदमी पार्टी (आप) की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘वह ऐसी सरकार थी जिसने भ्रष्टाचार का फल भोगा जबकि यह भाजपा सरकार लोगों की सेवा करने के लिए है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार को एक लाख करोड़ रुपये का बजट दिया गया है और सरकार इसे ईमानदारी से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, ‘‘चाहे महंगाई से निपटना हो या जीएसटी (माल एवं सेवा कर) से अधिक राजस्व उत्पन्न करना…हर विभाग प्रत्येक क्षेत्र में सक्रिय रूप से काम कर रहा है।’’ गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि उसने दिल्ली के लोगों के लिए ईमानदारी से काम किया है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने लोगों के लिए चौबीसों घंटे काम किया है। ऐसी सरकार जो दिल्ली के लोगों के लिए पूरी तरह से समर्पित है, वह अपने आप में एक नया मॉडल है और यही हमारी सबसे बड़ी सफलता है।’’
Similar Post
-
केरल में सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी के घर से 1.2 किलोग्राम गांजा और भांग के 10 पौधे बरामद
अलप्पुझा (केरल), बुधवार, 04 मार्च 2026। अलाप्पुझा में सेवानिवृत ...
-
सिक्किम, तेलंगाना व ओड़िशा में उत्साह के साथ मनाई गई होली
गंगटोक/हैदराबाद/भुवनेश्वर, बुधवार, 04 मार्च 2026। सिक्किम, तेलं ...
-
राजौरी में नियंत्रण रेखा के पास सेना ने आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया
राजौरी, बुधवार, 04 मार्च 2026। सेना के जवानों ने राजौरी जिले में ...
