ममता ने आग की घटना के बाद होटल का दौरा किया, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया
कोलकाता, गुरुवार, 01 मई 2025। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को मध्य कोलकाता स्थित उस होटल का दौरा किया जहां मंगलवार रात भीषण आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन मौतों के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। ममता बनर्जी दीघा से लौटते समय बड़ाबाजार के मछुआ फलपट्टी इलाके में पहुंचीं और उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा नियमों की अवहेलना करने वाले प्रतिष्ठानों पर निगरानी रखने और उनका पता लगाने के लिए पुलिस, प्रशासन तथा अग्निसेवा विभाग के अधिकारियों की विशेष समितियां बनाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ये दल शहरों में और जिला मुख्यालयों में औचक निरीक्षण करेंगे। प्रशासन में वे लोग भी सजा के दायरे में आएंगे जो अपर्याप्त अग्नि सुरक्षा वाली इमारतों को एनओसी देने में चूक के दोषी पाए जाएंगे।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘समितियां रिपोर्ट तैयार करेंगी और अगले 15 दिन में मेरे कार्यालय में जमा करेंगी।’’ कोलकाता के बीचोंबीच स्थित बड़ाबाजार क्षेत्र में मंगलवार रात एक होटल में लगी भीषण आग में 14 लोगों की मौत हो गई और 13 लोग घायल हो गए। मृतकों में एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं। दमकल की 10 गाड़ियों ने करीब 10 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
Similar Post
-
लिकटेंस्टाइन के युवराज एलोइस रविवार से भारत की चार दिवसीय यात्रा पर रहेंगे
नई दिल्ली, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। लिकटेंस्टाइन के युवराज एलोइ ...
-
चक्रवात के पूर्वानुमान के मुद्देनजर राष्ट्रपति मुर्मू का ओडिशा का दो दिवसीय दौरा स्थगित
भुवनेश्वर, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। ओडिशा में अगले सप्ताह चक्रव ...
-
कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले के कुछ हिस्सों में कम तीव्रता का भूकंप
चिक्कबल्लापुर (कर्नाटक), शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। कर्नाटक के चि ...
