पहलगाम हमले पर राजनीतिक दलों को विशेष सत्र बुलाने के लिए सरकार से आग्रह करना चाहिए: सिब्बल
नई दिल्ली, रविवार, 27 अप्रैल 2025। राज्यसभा में निर्दलीय सदस्य कपिल सिब्बल ने रविवार को राजनीतिक दलों से अनुरोध किया कि वे पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर मई में जल्द से जल्द संसद का विशेष सत्र बुलाने के लिए सरकार से आग्रह करें। सिब्बल ने कहा, ‘‘मैंने 25 अप्रैल को सुझाव दिया था कि दुख की इस घड़ी में देश की एकता प्रदर्शित करने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया जाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी राजनीतिक दलों से अनुरोध करता हूं कि वे सरकार से मई में जल्द से जल्द ऐसा सत्र बुलाने का आग्रह करें।’’ सिब्बल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से संसद का विशेष सत्र बुलाने और पहलगाम आतंकी हमले की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पारित करने का आग्रह किया था ताकि दुनिया को यह संदेश दिया जा सके कि देश एकजुट है। सिब्बल ने सरकार को सत्तारूढ़ और विपक्षी सांसदों के प्रतिनिधिमंडलों को विभिन्न महत्वपूर्ण देशों में भेजने का सुझाव भी दिया था ताकि पाकिस्तान पर कूटनीतिक दबाव बनाया जा सके।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जिस तरह अमेरिका प्रतिबंध जैसे कदम उठाता है उसी तरह भारत को पाकिस्तान के साथ व्यापार संबंध रखने वाले सभी प्रमुख देशों से कहना चाहिए कि अगर वे इस्लामाबाद के साथ व्यापार करते हैं तो वे भारतीय बाजार में नहीं आ सकते। पार्टी लाइन से हटकर नेताओं ने आतंकवाद और आतंकवादियों के शिविरों के खिलाफ ‘‘निर्णायक कार्रवाई’’ का आह्वान किया था और सरकार को पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया था। पहलगाम हमले पर चर्चा के लिए एक सर्वदलीय बैठक के दौरान सरकार ने कहा था कि वह सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी उपाय कर रही है। इसने नेताओं को आतंकवाद तथा इसके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
Similar Post
-
लिकटेंस्टाइन के युवराज एलोइस रविवार से भारत की चार दिवसीय यात्रा पर रहेंगे
नई दिल्ली, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। लिकटेंस्टाइन के युवराज एलोइ ...
-
चक्रवात के पूर्वानुमान के मुद्देनजर राष्ट्रपति मुर्मू का ओडिशा का दो दिवसीय दौरा स्थगित
भुवनेश्वर, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। ओडिशा में अगले सप्ताह चक्रव ...
-
कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले के कुछ हिस्सों में कम तीव्रता का भूकंप
चिक्कबल्लापुर (कर्नाटक), शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। कर्नाटक के चि ...
