कश्मीर में फंसे कर्नाटक के 40 पर्यटकों के लिए विशेष उड़ान की व्यवस्था के निर्देश दिये: सिद्धरमैया
बेंगलुरु, बुधवार, 23 अप्रैल 2025। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बुधवार को कहा कि कश्मीर की यात्रा पर गए राज्य के 40 से अधिक लोग आतंकवादी हमले के कारण वहां फंस गए हैं और उन्होंने अधिकारियों को उन सभी को सुरक्षित तरीके से राज्य में वापस लाने के लिए विशेष उड़ान की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। उन्होंने आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के परिवारों से फोन पर बात की और संवेदना व्यक्त की। मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में कर्नाटक के भी दो लोगों की मौत हुई। पहलगाम आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हुई है।सिद्धरमैया के कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने शिवमोगा के मंजूनाथ राव की पत्नी पल्लवी और बेंगलुरू के मथिकेरे के निवासी भारत भूषण की पत्नी सुजाता से बात की और संवेदना व्यक्त की।
भारत भूषण की आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि पत्नी सुजाता और तीन साल के बेटे को छोड़ दिया। इसके अलावा, मंजूनाथ राव नामक एक रियल एस्टेट कारोबारी की भी उनकी पत्नी और बेटे के सामने हत्या कर दी गई। मृतकों के शवों को उनके परिवार के सदस्यों के साथ दिन में बाद में वापस लाया जाएगा। सिद्धरमैया ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “कश्मीर की यात्रा पर गए 40 से अधिक कन्नड़ लोग आतंकवादी हमले के कारण फंस गए हैं। मैंने अधिकारियों को उन सभी को सुरक्षित रूप से राज्य में वापस लाने के लिए एक विशेष उड़ान की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। हमारी सरकार ने हर कर्नाटकवासी को सुरक्षित वापस लाने के संकल्प के साथ कार्रवाई की है। किसी को भी चिंता करने की जरूरत नहीं है।”
Similar Post
-
लिकटेंस्टाइन के युवराज एलोइस रविवार से भारत की चार दिवसीय यात्रा पर रहेंगे
नई दिल्ली, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। लिकटेंस्टाइन के युवराज एलोइ ...
-
चक्रवात के पूर्वानुमान के मुद्देनजर राष्ट्रपति मुर्मू का ओडिशा का दो दिवसीय दौरा स्थगित
भुवनेश्वर, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। ओडिशा में अगले सप्ताह चक्रव ...
-
कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले के कुछ हिस्सों में कम तीव्रता का भूकंप
चिक्कबल्लापुर (कर्नाटक), शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। कर्नाटक के चि ...
