देश को लूटने वाले विदेश में शरण लिए हैं, मेरा पासपोर्ट जब्त क्यों है : संजय सिंह

img

नई दिल्ली, बुधवार, 02 अप्रैल 2025। केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी नीत राजग सरकार पर घुसपैठियों को पनाह देने और बैंकों के साथ धोखाधड़ी कर देश को लूटने के आरोपियों को देश से बाहर जाने में मदद करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के संजय सिंह ने सवाल किया कि ऐसे लोग विदेश में शरण लिए हुए हैं और उनका (सिंह का) पासपोर्ट क्यों जब्त है। उच्च सदन में आप्रवास एवं विदेशी विषयक विधेयक, 2025 पर हुई चर्चा में भाग लेते हुए आम आदमी पार्टी के संजय सिंह ने कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोपरि है और इससे कोई समझौता नहीं होना चाहिए। ‘‘पिछले 11 साल से केंद्र में भाजपा सरकार है। और कई राज्यों में डबल इंजन की सरकार है। फिर घुसपैठ क्यों हो रही है? अगर देश में कहीं कोई घुसपैठिया रह रहा है तो उसके लिए सीधे तौर पर केंद्र सरकार जिम्मेदार है।’’

उन्होंने कहा कि सीमा पर चीन घुसपैठ कर रहा है और गलवान घाटी में हमारे 20 जवान शहीद हो गए लेकिन दुख इस बात का है कि उसी चीन के साथ व्यापार बढ़ाया गया है। आप सदस्य ने सरकार पर घुसपैठियों को पनाह देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार भारत आने वाले विदेशियों पर तो शिकंजा कस रही है लेकिन वह भारत का पैसा लूट कर विदेश भागे विजय माल्या, ललित मोदी, नितिन संदेसरा, नीरव मोदी को अब तक क्यों वापस नहीं ले पाई। उन्होंने कहा ‘‘देश को लूट कर ये लोग विदेश में बैठे हैं और मैं इस सदन का सदस्य हूं फिर भी मेरा पासपोर्ट जब्त है। ऐसा क्यों ?’’  सिंह दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में आरोपी हैं और तीन अप्रैल 2024 को उन्हें पासपोर्ट सौंपने का आदेश दिया था।

आप सदस्य ने दावा किया कि पंजाब में बीएसएफ की निगरानी वाली सीमा को सरकार ने 50 किलोमीटर तक बढ़ा दिया। उन्होंने कहा कि एनर्जी पार्क बनाने के लिए गुजरात के अंदर भारत के सुरक्षा कानून में बदलाव किया गया। ‘‘यह केवल एक व्यक्ति के लिए किया गया।’’ उन्होंने कहा कि 144 करोड़ की आबादी वाले, दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत का अपमान अमेरिका ने किया कि जब उसने हमारे नागरिकों को हथकड़ी बेड़ी में जकड़ कर भारत भेजा। भाकपा के संदोष कुमार पी ने विधेयक का विरोध करते हुए कहा कि घुसपैठियों और विदेशियों में अंतर होता है। उन्होंने कहा कि यह विधेयक सभी विदेशियों पर लागू होगा। उन्होंने कहा ‘‘इसमें दो मत नहीं हैं कि यह विधेयक हमारे देश की छवि खराब करेगा।’’

उन्होंने कहा कि अगर किसी के पास जायज पासपोर्ट और वीजा है तो उसके लिए यह कानून परेशानी न खड़ी करे, यह देखना होगा। चर्चा में अपनी बात रख रहे भाजपा के शंभु शरण पटेल ने आरोप लगाया कि देश में सर्वाधिक बांग्लादेशी घुसपैठिये और रोहिंग्या घुसपैठिये पश्चिम बंगाल में बसे हैं और वहां उन्होंने आधार कार्ड जैसे अहम दस्तावेज भी हासिल कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार किसी एक धर्म के लिए काम नहीं करती बल्कि वह ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के आधार पर काम करती है। भाजपा के ही लहर सिंह सरोया ने कहा कि भारत में आने वाले कुछ विदेशी मादक पदार्थ का धंधा करते हैं। यह विधेयक ऐसे लोगों पर रोक लगाएगा।

सरोया ने कहा कि बांग्लादेश, असम और ओडिशा में कई बांग्लादेशी घुसपैठ कर भारत में प्रवेश करने के बाद बस गए हैं जिससे वहां के लोगों के अधिकारों पर असर पड़ता है। भाजपा सदस्य ने कहा कि यह कानून किसी समुदाय के खिलाफ नहीं है। बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ अत्याचार हुए हैं और ऐसे लोगों के लिए ही सीएए बनाया गया है। उन्होंने कहा कि गहन विचार विमर्श के बाद, मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए यह कानून बनाया गया है। सरोया ने कहा कि यह कानून भारत में आ कर बसे उन विदेशियों को नियंत्रित करेगा जिनके पास जायज दस्तावेज नहीं हैं और जो यहां गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम देते हैं।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement