मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के चार कार्यकर्ता गिरफ्तार
इंफाल, मंगलवार, 18 मार्च 2025। मणिपुर के इंफाल पश्चिम और विष्णुपुर जिलों में पिछले 24 घंटों के भीतर प्रतिबंधित संगठनों के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के 50 वर्षीय सदस्य को इंफाल पश्चिम जिले के लांगोल गेम विलेज जोन-3 से गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान लौरेम्बम ब्रोजेन सिंह के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उसी जिले के शमुरू नाओरेम चपरौ माखा लेईकाई इलाके से प्रतिबंधित प्रीपैक/उप्पक के एक सदस्य को भी गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी रोमियो सिंह लोगों, सरकारी कर्मचारियों और स्थानीय दुकानदारों से कथित तौर पर जबरन वसूली करता था।
पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्लूजी) के कार्यकर्ता लैशराम तोम्बा सिंह को इंफाल पश्चिम जिले के हाओरीबेई मायाई लेईकाई इलाके में उसके घर से गिरफ्तार किया गया और वह भी जबरन वसूली में शामिल था। अधिकारी ने कहा कि केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के एक अन्य सक्रिय सदस्य को बिष्णुपुर जिले के निंगथौखोंग खा केइरुंगबाम लीकाई से गिरफ्तार किया गया और उसकी पहचान खुंद्रकपम माइकल सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 9 एमएम की एक पिस्तौल, एक खाली मैगजीन और गोला-बारूद बरामद किया गया।
सुरक्षा बलों ने सोमवार को इंफाल पूर्वी जिले के नगारियान पहाड़ी से तीन हथियार, चार हथगोले और अन्य सामान बरामद किया। मणिपुर में 2023 में भड़की जातीय हिंसा के बाद से ही यहां पुलिस और कई अन्य सुरक्षा बलों की ओर से तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। मई 2023 से मेइती और कुकी-ज़ो समूहों के बीच हुई जातीय हिंसा में 250 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद केंद्र ने 13 फरवरी को राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया था और राज्य विधानसभा को निलंबित कर दिया गया था। विधानसभा का कार्यकाल 2027 तक था।
Similar Post
-
आदिवासियाें के समग्र विकास के लिए उनके पास जाकर उनकी समस्याओं को समझना होगा: मुर्मु
नई दिल्ली, बुधवार, 03 जून 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बु ...
-
शिलांग में बृहस्पतिवार को एनईसी के पूर्ण सत्र की अध्यक्षता करेंगे गृहमंत्री अमित शाह
नई दिल्ली, बुधवार, 03 जून 2026। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह चार ...
-
केजरीवाल ने मालवीय नगर हादसे में लोगों की मौत पर शोक जताया, घटनाओं को बताया चिंताजनक
नई दिल्ली, बुधवार, 03 जून 2026। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरव ...
