अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान ने स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका

img

चंडीगढ़, रविवार, 16 मार्च 2025। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य में पार्टी की सरकार के तीन साल पूरे होने पर रविवार को अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल पंजाब के होशियारपुर में 10 दिवसीय विपश्यना ध्यान सत्र पूरा करने के बाद शनिवार को अमृतसर पहुंचे। स्वर्ण मंदिर में केजरीवाल के साथ उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल और पंजाब सरकार में मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल समेत आम आदमी पार्टी के कई नेता भी मौजूद थे। ‘आप’ ने 2022 में पंजाब में कुल 117 विधानसभा सीट में से 92 सीट जीतकर सरकार बनाई थी।

केजरीवाल ने अमृतसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मान साहब ने 16 मार्च 2022 को पंजाब के मुख्यमंत्री का पद संभाला था। आज हम यहां गुरु महाराज का आशीर्वाद लेने आए हैं। तीन वर्षों में उन्होंने (गुरुओं ने) हमारा मार्गदर्शन किया और लोगों की सेवा करते रहने की शक्ति प्रदान की। ’’  उन्होंने कहा, ‘‘आज पंजाब में सबसे बड़ी समस्या नशा और भ्रष्टाचार है। पंजाब के लोगों ने नशा और भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग छेड़ दी है। ’’ इससे पहले भगवंत मान ने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में जो काम हुआ है, वह पिछले 70 वर्षों में भी नहीं हुआ।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, ‘‘16 मार्च 2022 को खटकड़ कलां में हमने पंजाब को फिर से ‘रंगला पंजाब’ (समृद्ध) बनाने का संकल्प लिया था… हम उस वादे को पूरा करने के लिए नेक नीयत और पूरी ईमानदारी के साथ काम कर रहे हैं।’’ मान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इन तीन वर्षों में जो काम हुआ है, वह पिछले 70 वर्षों में भी नहीं हुआ। हम पंजाबियों से किए गए हर वादे को पूरा करेंगे। हम पंजाब से नशे की बुराई को खत्म करने के लिए जारी लड़ाई को उसके तार्किक निष्कर्ष तक ले जाएंगे। पंजाब के तीन करोड़ लोगों को आपके समर्थन और उन पर विश्वास के लिए धन्यवाद। ’’

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement