आप्रवास और विदेशी विषयक विधेयक लोकसभा में पेश
नई दिल्ली, मंगलवार, 11 मार्च 2025। सरकार ने मंगलवार को लोकसभा में आप्रवासन और विदेशी नागरिकों के भारत में आने से संबंधित प्रावधान वाला विधेयक पेश किया। विपक्ष के कुछ सदस्यों के विरोध के बीच गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने ‘आप्रवास और विदेशी विषयक विधेयक, 2025’ प्रस्तुत किया। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने नियमों का हवाला देते हुए विधेयक को पेश किए जाने का विरोध किया। उन्होंने दावा किया कि यह विधेयक कई मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करता है। तिवारी ने कहा कि इस विधेयक को वापस लिया जाए या फिर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) को भेजा जाए ताकि इस पर गहन विचार-विमर्श किया जा सके।
तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने भी नियमों का हवाला देते हुए विधेयक को प्रस्तुत किए जाने का विरोध किया। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि विपक्ष की ओर से विधायी क्षमता पर सवाल उठाया गया है, लेकिन यह विधेयक सदन की क्षमता के अंतर्गत लाया गया है। उन्होंने कहा कि यह विषय संविधान की सातवीं अनुसूची में आता है। राय ने कहा कि किसी भी विदेशी के प्रवेश या प्रस्थान का आदेश देना सरकार का संप्रभु अधिकार है। उनका कहना था कि चार अधिनियमों-पासपोर्ट अधिनियम 1920, विदेशियों का पंजीकरण अधिनियम 1939, विदेशी अधिनियम 1946 और आप्रवास अधिनियम 2000 को निरस्त कर एक व्यापक अधिनियम बनाया जा रहा है।
Similar Post
-
रेवंत रेड्डी ने राजनाथ सिंह से की मुलाकात, डिफेंस एक्सपो का दिया निमंत्रण
नई दिल्ली, बुधवार, 02 सितंबर 2026। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रे ...
-
एआईएमआईएम के मुख्य प्रवक्ता सैयद आसिम वकार कांग्रेस में हुए शामिल
नई दिल्ली, बुधवार, 02 सितंबर 2026। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल ...
-
एलडीएफ में ‘उथल-पुथल’ मची है, माकपा नेतृत्व के विरुद्ध विरोध के स्वर तेज : सतीशन
तिरुवनंतपुरम, बुधवार, 02 सितंबर 2026। केरलम के मुख्यमंत्री वी.ड ...
