असम में पांच तीव्रता का भूकंप, किसी के हताहत होने की खबर नहीं
गुवाहाटी, गुरुवार, 27 फ़रवरी 2025। मध्य असम में बुधवार देर रात पांच तीव्रता का भूकंप आया। एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के कारण जान-माल का किसी प्रकार का नुकसान होने की तत्काल कोई खबर नहीं मिली है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट में बताया गया कि भूकंप ब्रह्मपुत्र के दक्षिणी तट पर मोरीगांव जिले में देर रात दो बजकर 25 मिनट पर 16 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र मध्य असम में गुवाहाटी से लगभग 52 किलोमीटर पूर्व में था।
पड़ोसी कामरूप मेट्रोपॉलिटन, नगांव, पूर्वी कार्बी आंगलोंग, पश्चिम कार्बी आंगलोंग, होजई, दीमा हसाओ, गोलाघाट, जोरहाट, शिवसागर, कछार, करीमगंज, हैलाकांडी, धुबरी, दक्षिण सलमारा-मनकाचर और गोलपारा जिलों में भी लोगों को भूकंप के झटके महसूस हुए। ब्रह्मपुत्र के उत्तरी तट पर स्थित लखीमपुर, दरांग, तामुलपुर, सोनितपुर, कामरूप, बिश्वनाथ, उदलगुरी, नलबाड़ी, बजाली, बारपेटा, बक्सा, चिरांग, कोकराझार और बोंगाईगांव में भी भूकंप महसूस किया गया।
भूकंप का असर मध्य-पश्चिमी अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों, पूरे मेघालय और नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में महसूस किया गया। रिपोर्ट में बताया गया है कि मध्य-पूर्वी भूटान, चीन और बांग्लादेश के कुछ हिस्सों में भी इस असर दिखा। भूकंप के कारण लोग अपने घरों से निकलकर खुले इलाकों की ओर भागे। इस पूर्वोत्तर क्षेत्र में अक्सर भूकंप आते रहते हैं।
Similar Post
-
फडणवीस से वार्ता के निमंत्रण के बाद राकांपा ने कृषि ऋण माफी को लेकर आंदोलन स्थगित किया
छत्रपति संभाजीनगर, सोमवार, 29 जून 2026। राष्ट्रवादी कांग्रेस प ...
-
महाराष्ट्र टीईटी प्रश्नपत्र लीक मामले में सीबीआई जांच की मांग, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठी
मुंबई, सोमवार, 29 जून 2026। महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्षी ...
-
पुरी में देव स्नान पूर्णिमा का भव्य आयोजन
- 108 घड़ों के जल से हुए भगवान जगन्नाथ के दर्शन, लाखों भक्त हुए भाव ...
