मैकेनिकल इंजीनियर और हरियाणा के पूर्व मुख्य सचिव विवेक जोशी ने निर्वाचन आयुक्त का पदभार संभाला
नई दिल्ली, बुधवार, 19 फ़रवरी 2025। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियर और हरियाणा के मुख्य सचिव रह चुके विवेक जोशी ने बुधवार को निर्वाचन आयुक्त के रूप में पदभार संभाल लिया। जोशी (58) निर्वाचन आयोग का हिस्सा बनने वाले सबसे कम उम्र के सदस्यों में से एक हैं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित कानून के अनुसार, मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त पदभार ग्रहण करने की तिथि से छह वर्ष की अवधि या 65 वर्ष की आयु तक, जो भी पहले हो, तक पद पर बने रहेंगे।
जोशी का जन्म 21 मई, 1966 को हुआ और वह मई 2031 में 65 वर्ष के हो जाएंगे, लेकिन कानून के अनुसार, आयोग में उनका कार्यकाल उसी वर्ष 18 फरवरी को समाप्त होगा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार 26 जनवरी, 2029 को पद छोड़ देंगे, जबकि अन्य निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू जुलाई 2028 में सेवानिवृत्त होंगे। जोशी संभवतः अगले मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में 2029 के लोकसभा चुनावों को संपन्न कराने में भूमिका निभा सकते हैं।
जोशी हरियाणा कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1989 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने हरियाणा के मुख्य सचिव और केंद्र सरकार में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग तथा वित्तीय सेवा विभाग के सचिव के रूप में कार्य किया है। अपने कॅरियर के आरंभ में, उन्होंने महापंजीयक और जनगणना आयुक्त तथा हरियाणा के पांचवें राज्य वित्त आयोग के सदस्य सचिव के रूप में कार्य किया। उत्तर प्रदेश के रहने वाले जोशी आईआईटी-रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियर हैं। उन्होंने आईआईएफटी, नई दिल्ली से अंतरराष्ट्रीय व्यापार में स्नातकोत्तर, ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट, जिनेवा, स्विट्जरलैंड से अंतरराष्ट्रीय अर्थशास्त्र में एमए और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है।
Similar Post
-
नड्डा के बयान पर सिब्बल का हमला, बोले- 'कितना अहंकार है'
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल न ...
-
कॉजपा प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की बर्बरता से जुड़ी याचिका पर तत्काल सुनवाई से अदालत का इनकार
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। दिल्ली उच्च न्यायालय ने 'कॉक ...
-
भारत ने डेंगू के अपने पहले टीके को मंजूरी दी
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। सरकार ने मंगलवार को कहा कि टाक ...
